Maharajganj NRC: महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) कुपोषण से जूझ रहे बच्चों के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरा है. यहां गंभीर रूप से कुपोषित और कम वजन वाले बच्चों को भर्ती कर विशेष चिकित्सकीय देखभाल, पौष्टिक आहार और नियमित स्वास्थ्य निगरानी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के साथ उनके माता-पिता को भी सही खान-पान, साफ-सफाई और बच्चों की उचित देखभाल के बारे में जानकारी दी जा रही है.
नियमित जांच के साथ बच्चों के स्वास्थ्य पर नजर
एनआरसी में भर्ती बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जाती है. उनके वजन, लंबाई और स्वास्थ्य की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाती है. जरूरत के अनुसार बच्चों को चिकित्सकीय उपचार और दवाइयां दी जाती हैं. इसके साथ ही उन्हें पौष्टिक और संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जाता है, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य और वजन में सुधार हो सके.
बच्चों की स्थिति में सुधार होने के बाद भी उनकी आगे की देखभाल को लेकर अभिभावकों को जरूरी जानकारी दी जाती है. साथ ही फॉलोअप की व्यवस्था भी की जाती है, जिससे बच्चे के स्वास्थ्य की स्थिति पर आगे भी नजर रखी जा सके.
दो बच्चों के साथ एनआरसी में रह रही प्रतिमा
महाराजगंज प्रखंड के तक्कीपुर गांव की प्रतिमा कुमारी ने बताया कि उनके चार वर्ष और दो वर्ष के दो बच्चे पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती हैं. उन्होंने कहा कि दोनों बच्चों की नियमित देखभाल की जा रही है. अस्पताल में रहने और उपचार की सुविधा मिलने से उन्हें काफी सहूलियत हो रही है.
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्यकर्मी बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर रखते हैं और समय-समय पर उनकी जांच की जाती है. बच्चों को समय पर भोजन और जरूरी उपचार भी उपलब्ध कराया जा रहा है.
कम वजन के कारण डेढ़ वर्षीय बच्चा भर्ती
दारौंदा प्रखंड के बगौरा गांव की निभा देवी ने बताया कि उनका डेढ़ वर्षीय बच्चा एनआरसी में भर्ती है. बच्चे के स्वास्थ्य और कम वजन को देखते हुए उसे पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया गया है.
निभा देवी ने बताया कि अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी बच्चों की नियमित जांच करते हैं. समय पर भोजन देने के साथ बच्चे की आवश्यक देखभाल भी की जाती है. एनआरसी में मिलने वाली सुविधाओं से उन्हें बच्चे के उपचार में काफी मदद मिल रही है.
बच्चों की नियमित निगरानी की जाती है
एनआरसी में तैनात नर्स रंजना कुमारी ने बताया कि पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों की नियमित निगरानी की जाती है. बच्चों के स्वास्थ्य, वजन और खान-पान पर विशेष ध्यान दिया जाता है. जरूरत के अनुसार चिकित्सकों की सलाह से बच्चों को उपचार और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाता है.
क्या कहते हैं उपाधीक्षक
अनुमंडलीय अस्पताल महाराजगंज के उपाधीक्षक डॉ. सुमित कुमार ने बताया कि एनआरसी के तहत कुपोषित बच्चों की विशेष देखभाल के लिए अलग वार्ड की व्यवस्था की गई है. यहां बच्चों के उपचार, पौष्टिक आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के साथ उनके अभिभावकों के रहने और भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है.
उन्होंने बताया कि बच्चों की बेहतर देखभाल के लिए अभिभावकों को भी जरूरी जानकारी दी जाती है, ताकि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घर पर भी बच्चों के खान-पान और स्वास्थ्य का उचित ध्यान रखा जा सके.
एनआरसी में बच्चों को मिलती हैं ये सुविधाएं
- कुपोषित और कम वजन वाले बच्चों की भर्ती
- बच्चों के वजन, लंबाई और स्वास्थ्य की नियमित जांच
- चिकित्सकों की निगरानी में उपचार
- जरूरत के अनुसार दवाइयां और चिकित्सकीय सुविधा
- बच्चों के लिए पौष्टिक एवं संतुलित भोजन
- बच्चे के साथ अभिभावक के रहने की व्यवस्था
- बच्चे और अभिभावक के लिए भोजन की सुविधा
- माताओं को बच्चों के सही खान-पान की जानकारी
- पौष्टिक भोजन तैयार करने का प्रशिक्षण
- साफ-सफाई और बच्चों की उचित देखभाल को लेकर परामर्श
- उपचार के बाद बच्चों के स्वास्थ्य का फॉलोअप
