Siwan News: भगवानपुर बाजार स्थित रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट के समीप 28 जुलाई को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. घटना के तीन दिन बाद गुरुवार को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से जांच कर विभिन्न साक्ष्य एकत्र किये. टीम आवश्यक नमूनों को जांच के लिए अपने साथ ले गयी.
जमीनी विवाद के बाद दोनों पक्षों में हुई थी मारपीट
जानकारी के अनुसार, जमीनी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया था. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट हुई थी. घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए थे.
घटना की सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी थी. साथ ही मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच के लिए एफएसएल टीम को सूचना दी गयी थी.
एफएसएल ने घटनास्थल से जुटाये वैज्ञानिक साक्ष्य
गुरुवार को एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया. टीम ने घटना से जुड़े आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किये, जिन्हें वैज्ञानिक जांच के लिए अपने साथ ले गयी. इस दौरान भगवानपुर थाना के एएसआई वीरेंद्र पांडेय भी मौजूद रहे.
दोनों पक्षों ने दर्ज करायी अलग-अलग प्राथमिकी
मामले में दोनों पक्षों की ओर से भगवानपुर थाना में एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. एक पक्ष के ओम प्रकाश के आवेदन पर जितेंद्र मांझी, निर्मला कुमारी, रणधीर उर्फ निर्मल मांझी समेत चार लोगों को नामजद किया गया है. आवेदन में लोहे की रॉड से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया गया है.
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से निर्मल मांझी की पुत्री रौशनी कुमारी ने ओम प्रकाश, भरत प्रसाद, अनिल प्रसाद, अरविंद प्रसाद और शंभू प्रसाद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. इसमें जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने, कपड़े फाड़ने और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है.
दोनों मामलों की जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से दर्ज करायी गयी प्राथमिकी की जांच की जा रही है. एफएसएल टीम द्वारा जुटाये गये वैज्ञानिक साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया जायेगा. पुलिस मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
