Siwan News : शहर के उत्सव पैलेस में रविवार को दधीचि देहदान समिति, सीवान इकाई की ओर से अंगदान एवं देहदान जागरूकता सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया. मानव सेवा और जनजागरूकता को समर्पित इस सम्मेलन में 150 से अधिक लोगों ने भाग लिया. वहीं 50 से अधिक लोगों ने अंगदान एवं देहदान का संकल्प लेकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया.
चिकित्सकों और समाजसेवियों ने बताया अंगदान का महत्व
सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दधीचि देहदान समिति के प्रदेश अध्यक्ष एवं सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद चौरसिया थे. उनके साथ पद्मश्री विमल कुमार जैन, प्रदेश सचिव आनंद प्रधान, प्रो. मनोज संडेलवाल, अरुण सत्यमूर्ति, संरक्षक मंडल के सदस्य डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. श्वेता रानी, डॉ. संजय सिंह तथा समिति की सीवान इकाई के अध्यक्ष नीलेश वर्मा 'नील' मंचासीन रहे. मुख्य अतिथि गंगा प्रसाद चौरसिया ने कहा कि अंगदान और देहदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है. उन्होंने लोगों से मृत्यु के बाद अपने अंगों और शरीर का दान कर जरूरतमंदों को नया जीवन देने तथा चिकित्सा शिक्षा और शोध को मजबूत बनाने में सहयोग करने की अपील की.
भ्रांतियां दूर कर लोगों से जुड़ने की अपील
पद्मश्री विमल कुमार जैन ने कहा कि जागरूकता बढ़ने से ही अधिक लोग इस पुनीत अभियान से जुड़ेंगे. प्रदेश सचिव आनंद प्रधान, प्रो. मनोज संडेलवाल और अरुण सत्यमूर्ति ने भी सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए अधिक से अधिक लोगों से अंगदान एवं देहदान का संकल्प लेने का आह्वान किया. समिति के जिला अध्यक्ष नीलेश वर्मा 'नील' ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि अंगदान किसी व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है. वहीं डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. संजय सिंह और डॉ. श्वेता रानी ने चिकित्सकीय दृष्टिकोण से अंगदान एवं देहदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला.
संकल्प लेने वालों और सहयोगियों को किया गया सम्मानित
सम्मेलन के दौरान अंगदान एवं देहदान का संकल्प लेने वाले लोगों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, समाजसेवियों और मीडिया कर्मियों को भी सम्मानित किया गया. आयोजन को सफल बनाने में सतीश शर्मा, राकेश सहाय, कुमार प्रशांत, आशुतोष कुमार, राकेश कुमार, राघवेंद्र प्रताप, भारत भूषण पांडेय, अक्षत नील वर्मा, राजीव रंजन, बृपेन्द्र सिंह, डॉ. भगवान सिंह, आकाश श्रीवास्तव और राजेश कुमार 'राजू' सहित समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के जनजागरूकता अभियान लगातार चलाने का संकल्प व्यक्त किया.
Also Read : शिव चर्चा के दौरान पोखर में डूबने से छह वर्षीय बच्ची की मौत, गांव में पसरा मातम
