Second Monday of Siwan Sawan: सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर पूरे जिले के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. भगवान शिव की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए अहले सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतार लग गयी. सिसवन प्रखंड के मेहदार स्थित महेंद्रनाथ धाम और गुठनी प्रखंड के सोहगरा स्थित हंसनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. सभी प्रमुख शिवालय हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजते रहे.
भोर से ही श्रद्धालुओं के जत्थे दर्शन और पूजन के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे थे. जलाभिषेक को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला. तपती धूप और उमस भरी गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या में कोई कमी नहीं आयी. मंदिरों के पट खुलते ही घंटा-घड़ियाल की आवाज और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया.
महेंद्रनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सिसवन प्रखंड के मेहदार स्थित महेंद्रनाथ धाम में अहले सुबह से ही शिवभक्त कमलदाह सरोवर का जल, पुष्प और बेलपत्र लेकर कतारबद्ध हो गये. श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारों के बीच भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया.
महेंद्रनाथ धाम के प्रधान पुजारी के अनुसार सावन की दूसरी सोमवारी पर करीब 50 हजार से अधिक शिवभक्तों ने बाबा महेंद्रनाथ का जलाभिषेक किया. बड़ी संख्या में श्रद्धालु अलग-अलग स्थानों से यहां पहुंचे थे.
हंसनाथ धाम में भी लगा भक्तों का तांता
गुठनी प्रखंड के सोहगरा स्थित हंसनाथ धाम में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. भक्तों ने मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव का दर्शन किया और जलाभिषेक कर परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की.
सोमवारी को लेकर मंदिर परिसर में लगातार हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे. दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं में भी बाबा के दर्शन और जलाभिषेक को लेकर उत्साह देखने को मिला.
इन शिव मंदिरों में भी उमड़ी भीड़
सावन की दूसरी सोमवारी पर शहर के महादेवा रोड स्थित पंचमुखी शिव मंदिर, सिसवन के मेहदार स्थित महेंद्रनाथ धाम, गुठनी के सोहगरा स्थित हंसनाथ धाम, गोरेयाकोठी प्रखंड के हेयातपुर गांव स्थित जंगली बाबा शिव मंदिर और जीरादेई प्रखंड के अकोल्ही गांव स्थित अनंतनाथ धाम सहित जिले के अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही.
श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर बेलपत्र, फूल और जल अर्पित कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की. बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरियों के जत्थे ने भी विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक किया.
कहीं महादेव की पूजा तो कहीं हुआ रुद्राभिषेक
दूसरी सोमवारी पर जिले के शिवालयों में नियमित पूजा-अर्चना के साथ विशेष धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किये गये. कहीं रुद्राभिषेक हुआ तो कहीं भजन-कीर्तन और रुद्री पूजा का आयोजन किया गया.
पंडित कृष्ण कुमार झा के सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक किया. विशेष पूजा-अर्चना को लेकर मंदिर समितियों की ओर से भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गयी थीं.
प्रशासन ने किये सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
दूसरी सोमवारी पर भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. जिले के प्रमुख शिव मंदिरों और महत्वपूर्ण स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की गयी थी.
श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए महिला और पुरुष पुलिस जवानों की तैनाती की गयी थी. प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी लगातार मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी करते रहे. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने मंदिर समितियों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था संभाली.
यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम
शिवालयों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किये गये थे. प्रमुख मंदिरों के आसपास पुलिस बल की तैनाती के साथ वाहनों के आवागमन पर भी नजर रखी गयी.
शहर समेत विभिन्न शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए महिलाओं की टोली भी अहले सुबह से पहुंचने लगी थी. श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा.
रविवार रात डीजे की धुन पर निकली युवाओं की टोली
सावन के महीने में भोलेनाथ की भक्ति में युवा और महिलाएं विशेष रूप से उत्साहित नजर आते हैं. दूसरी सोमवारी पर जलाभिषेक करने के लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों से युवाओं की टोली रविवार की रात ही डीजे की धुन के साथ सोहगरा और बाबा महेंद्रनाथ धाम के लिए निकल पड़ी.
युवाओं की टोली डीजे की धुन पर भक्ति गीतों पर थिरकते हुए पैदल ही बाबा की नगरी की ओर रवाना हुई. रास्ते भर बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा.
