प्रतिनिधि,सीवान. वाराणसी के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने बुधवार को अधिकारियों के साथ सीवान रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, संरक्षा व्यवस्था तथा अमृत भारत स्टेशन विकास योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया. डीआरएम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, स्वच्छता व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था सहित यात्रियों की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का निरीक्षण किया.उन्होंने अमृत भारत स्टेशन विकास योजना के तहत प्रस्तावित एवं प्रगति पर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए यात्रियों की सुगमता और स्टेशन के समुचित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान श्री जैन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो सकें. उन्होंने कहा कि स्टेशन का विकास यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए, जिससे उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें. इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विनीत कुमार,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी एम. रमेश कुमार, मंडल विद्युत इंजीनियर दीपक यादव सहित अन्य वरिष्ठ पर्यवेक्षक, स्टेशन अधीक्षक उपस्थित रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
