सीवान स्वास्थ्य विभाग में शोक: ड्यूटी के दौरान सिविल सर्जन कार्यालय के सहायक अंजनी सहाय को आया हार्ट अटैक, इलाज के दौरान निधन

सीवान के सिविल सर्जन कार्यालय में प्रधान सहायक अंजनी सहाय का मंगलवार को कार्य के दौरान अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया. सहकर्मियों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके.

Siwan News: सिविल सर्जन कार्यालय में प्रधान सहायक के रूप में पदस्थापित अंजनी सहाय का मंगलवार को असामयिक निधन हो गया. मंगलवार की दोपहर करीब 2:00 बजे वे कार्यालय में अपने नियमित कार्यों का निपटारा कर रहे थे, तभी अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वे अचेत होकर गिर पड़े. कार्यालय में मौजूद सहकर्मियों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया.

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

सदर अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद और अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सिंह की सीधी देखरेख में वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम ने उनका सघन उपचार शुरू किया. चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका और दोपहर करीब 3:00 बजे दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से उनका निधन हो गया. मृतक अंजनी सहाय मूल रूप से जिले के गुठनी निवासी देवनाथ सहाय के पुत्र थे.

अंजनी सहाय का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network

स्वास्थ्य विभाग के लिए अपूरणीय क्षति

अंजनी सहाय के अचानक निधन की खबर मिलते ही समूचे स्वास्थ्य महकमे में शोक की लहर दौड़ गई. उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए सिविल सर्जन ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं.

"अंजनी सहाय का असामयिक निधन स्वास्थ्य विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति है. वे अपने पदीय दायित्वों और कार्य के प्रति पूरी तरह निष्ठावान, कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे. सभी सहकर्मियों के साथ उनका व्यवहार सदैव आत्मीय रहा. उनके निधन से मुझे व्यक्तिगत रूप से भी गहरा आघात पहुंचा है." — डॉ. श्रीनिवास प्रसाद, सिविल सर्जन, सीवान

सदर अस्पताल में शोकसभा, दी गई श्रद्धांजलि

घटना के उपरांत सदर अस्पताल परिसर में एक शोकसभा का आयोजन किया गया. शोकसभा में सिविल सर्जन, अस्पताल अधीक्षक, चिकित्सा पदाधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों और कार्यालय सहायकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर प्रार्थना की. उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर अंतिम विदाई दी तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.

Also Read: सीवान के सरकारी स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू: ई-शिक्षाकोष से आए सवाल, शिक्षकों की अदला-बदली; 26 को आएगा रिजल्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमरनाथ शर्मा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >