थाना क्षेत्र के मुरारपट्टी विशुनपुरा गांव की घटना
रघुनाथपुर : थाना क्षेत्र के मुरारपट्टी विशुनपुरा गांव में मध्य रात्रि के समय अज्ञात कारणों से लगी आग में चार झोंपड़ियां जल कर राख हो गयी. जिन लोगों की झोंपड़ियां जली है, उनमें राज मुन्नी देवी, हरेंद्र तुरहा, वीरेंद्र तुरहा व चिंता कुंवर का नाम शामिल है. अगलगी से लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है. जानकारी के अनुसार अभी तक आग कैसे लगी इसके बारे में कोई पाता नहीं चला है. घटना के कारणों का तो पता नहीं चल सका और बताया जाता है कि रविवार को रात्रि के समय जब सभी लोग खाना खा कर शो गये थे तो अचानक किसी झोंपड़ी में आग लग गयी. इस घटना के बाद स्थानीय लोग जग कर आग पर काबू पाने का प्रयास करते तब तक आग चार झोंपड़ियों को अपने आगोश में ले चुका था.
इस अगलगी में चारों परिवार की झोंपड़ियों में रखा अनाज, कपड़ा, चौकी, बिछावन, बच्चों की किताबें, नकदी, बर्तन सहित सब कुछ जल कर राख हो गया. चारों परिवार बरसात के मौसम में खुले आसमान के नीचे गुजर-बसर करने को विवश है. सोमवार को सुबह होते ही स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचित किया जिस पर अंचलाधिकारी सुगौली सेठ ने कर्मचारी को भेज कर स्थिति का जायजा लिया और जल्द ही प्रशासनिक सहायता मुहैया कराने का आश्वासन दिया.
