सीतामढ़ी: गर्मी से बेहाल ट्रैफिक पुलिस, अब तक नहीं बना शेड और गोलंबर

Sitamarhi News: भीषण गर्मी और लू के बीच ट्रैफिक पुलिस के जवान बिना शेड और पानी की सुविधा के सड़क पर ड्यूटी कर रहे हैं. कारगिल चौक समेत कई जगहों पर जवान अपनी जान जोखिम में डालकर यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे हैं. पढ़ें पूरी खबर…

Sitamarhi News: इन दिनों गर्मी अपने चरम पर है. मई की तपती दोपहर में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं, लेकिन इसी भीषण गर्मी और लू के बीच ट्रैफिक पुलिस के जवान सड़कों पर पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रहे हैं. तेज धूप, धूल और वाहनों के धुएं के बीच खड़े ये जवान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में जुटे हैं, ताकि लोगों को जाम और परेशानी का सामना न करना पड़े.

बिना छांव के सड़क पर खड़े हैं जवान

शहर के सबसे व्यस्त कारगिल चौक पर होमगार्ड जवान बिगु कुमार और सौरभ लगातार ड्यूटी करते नजर आते हैं. सड़क पर न तो कोई शेड है और न ही गोलंबर, जहां खड़े होकर वे धूप से बच सकें. तेज रफ्तार वाहनों और धुएं के बीच ये जवान हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर ड्यूटी कर रहे हैं.

जेब से खरीदकर पी रहे पानी

भीषण गर्मी में सबसे बड़ी परेशानी पीने के पानी की है. ट्रैफिक जवानों को सरकारी स्तर पर पानी की कोई व्यवस्था नहीं मिल रही है. ऐसे में उन्हें अपनी जेब से पैसे खर्च कर पानी खरीदना पड़ता है. चिलचिलाती धूप और गर्म हवा के बीच घंटों खड़े रहना उनके लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है.

छोटी गलतियों पर उठते हैं सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी कठिन परिस्थितियों में काम करने के बावजूद ट्रैफिक जवानों को अक्सर आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है. भीषण गर्मी में लगातार ड्यूटी के दौरान कभी-कभी छोटी गलतियां हो सकती हैं, लेकिन लोग उनकी मेहनत और समर्पण को कम ही समझ पाते हैं. सड़क पर खड़े इन जवानों की मुस्तैदी समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी और सेवा भावना को दिखाती है.

जवानों के लिए सुविधा बढ़ाने की मांग

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रैफिक पुलिस जवानों के लिए जल्द से जल्द सड़क किनारे शेड, गोलंबर और ठंडे पानी की व्यवस्था की जाए, ताकि वे बेहतर तरीके से अपनी ड्यूटी निभा सकें. उनका कहना है कि जो जवान इतनी गर्मी में लोगों की सुविधा के लिए खड़े हैं, उन्हें भी बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए.

कारगिल चौक पर बनना है गोलंबर : यातायात थानाध्यक्ष

यातायात थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर निगम अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई थी. बैठक में शंकर चौक और कारगिल चौक पर गोलंबर निर्माण का फैसला लिया गया था, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हो सका है. उन्होंने कहा कि वरीय अधिकारियों के माध्यम से नगर निगम प्रशासन को जल्द पहल करने के लिए कहा जाएगा.

सीतामढ़ी से अमिताभ कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >