सीतामढ़ी के पुपरी से बैधनाथ ठाकुर की रिपोर्ट
Sitamarhi News: पुपरी शहर में लगातार लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए नगर परिषद ने टेंपो संचालन की नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है. नगर परिषद कार्यालय में कार्यपालक पदाधिकारी केशव गोयल की अध्यक्षता में टेंपो चालकों के साथ बैठक हुई, जिसमें रूटवार टेंपो स्टैंड निर्धारित किए गए.
अलग-अलग रूट के लिए तय किए गए स्टैंड
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि सीतामढ़ी से आने वाले टेंपो बाजार समिति परिसर में, बेनीपट्टी रूट के टेंपो रघुनी गोप टावर ओवरब्रिज के नीचे, सैदपुर रूट के टेंपो पोस्ट ऑफिस के समीप तथा सुरसंड और चोरौत रूट के टेंपो धर्मानाथ प्रसाद गद्दी के बगल में खड़े होंगे.
नियम तोड़ने वालों पर लगेगा जुर्माना
ईओ केशव गोयल ने कहा कि शहर के चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर अव्यवस्थित ढंग से टेंपो खड़ा करने के कारण रोज जाम की स्थिति बनती है. इससे आम लोगों, स्कूली बच्चों, एंबुलेंस और व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित स्थान के अलावा कहीं भी टेंपो खड़ा करने पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया जाएगा.
टेंपो चालकों ने जताया सहयोग का भरोसा
बैठक में मौजूद टेंपो चालक संघ के प्रतिनिधियों ने नगर परिषद के निर्णय का स्वागत किया और नई व्यवस्था का पालन करने का आश्वासन दिया. नगर परिषद ने सभी चालकों से सहयोग की अपील करते हुए शहर को जाम मुक्त बनाने में भागीदारी निभाने की बात कही.
