Sitamarhi News: शहर के मेहसौल चौक स्थित शहीद चंद्रनाथ भवन में रविवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) जिला परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई. जिला परिषद अध्यक्ष बैद्यनाथ हाथी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगामी 25 मई 2026 को समाहरणालय पर विशाल प्रदर्शन और घेराव करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया. बैठक में मुख्य अतिथि और पर्यवेक्षक के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य मिथिलेश झा विशेष रूप से उपस्थित रहे.
केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा हमला
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय परिषद सदस्य मिथिलेश झा ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि देश को पुनः अघोषित संकट की ओर धकेला जा रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री पर दोहरे मापदंड का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान बड़ी रैलियां और रोड शो करने वाली सरकार अब जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों पर अंकुश लगा रही है.
बेतहाशा महंगाई और एमएसपी के मुद्दे पर घेरेगी पार्टी
बैठक में नेताओं ने कहा कि डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के दामों में बेतहाशा वृद्धि से आम जनता की कमर टूट गई है. सरकार के पास फसल की एमएसपी पर खरीद की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है. नेताओं ने 25 मई को होने वाले राज्यव्यापी किसान, मजदूर और नौजवानों के आंदोलन को सीतामढ़ी में ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया. इस बैठक में जिला सचिव जयप्रकाश राय, केदार शर्मा, श्रीप्रकाश पूर्वे, महेश झा और अनवर अंसारी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे.
सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट
