Sitamarhi Monsoon Updates: सीतामढ़ी जिले में मानसून की सक्रियता से किसानों की बारिश को लेकर बनी चिंता अब धीरे-धीरे खत्म होने लगी है. शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा रहा. दिनभर मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया. जिले के कई इलाकों में अलग-अलग समय पर कहीं बुंदाबांदी तो कहीं सामान्य बारिश हुई. रात में भी कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई, जिससे मौसम पूरी तरह सुहाना हो गया.
बारिश से मिली उमस भरी गर्मी से राहत
लगातार बादल छाए रहने और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गयी. लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली. दिनभर में करीब एक घंटे के लिए ही मौसम साफ हुआ, जबकि अधिकांश समय आसमान में घने बादल छाए रहे. मौसम के इस बदलाव से आम लोगों के साथ-साथ किसानों के चेहरे पर भी खुशी नजर आने लगी है.
धान रोपनी की तैयारी में जुटे किसान
बारिश की संभावना मजबूत होने के बाद किसान खेतों की ओर रुख करने लगे हैं. जिन किसानों को धान की रोपनी को लेकर पानी की कमी की चिंता सता रही थी, मौसम को देखकर बारिश को लेकर आशान्वित दिखे. अच्छी बारिश होने से खेतों में पर्याप्त नमी और पानी जमा होने की उम्मीद है, जिससे धान की रोपनी का काम तेजी से शुरू हो सकेगा.
10 से 50 एमएम बारिश की बनी संभावना
कृषि विज्ञान केंद्र, सीतामढ़ी के प्रधान वैज्ञानिक डॉ राम ईश्वर प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. उन्होंने बताया कि रात में जिले के विभिन्न हिस्सों में करीब छह घंटे तक 10 से 50 एमएम तक बारिश होने की संभावना बनी हुई थी. इतनी बारिश धान की खेती के लिए काफी लाभकारी साबित होगी.
आज भी बारिश के आसार, तापमान में आएगी गिरावट
वरीय वैज्ञानिक डॉ राम ईश्वर प्रसाद ने बताया कि अच्छी बारिश के कारण शनिवार को तापमान में और गिरावट आने की संभावना है. अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. शनिवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में 10 से 20 एमएम तक बारिश होने की संभावना है.
अगले चार-पांच दिनों तक लगातार सक्रिय रहेगा मानसून
उन्होंने बताया कि शनिवार और रविवार को बीच-बीच में तीन-तीन घंटे के लिए मौसम खुल सकता है, लेकिन अधिकांश समय आसमान में बादलों का जमावड़ा बना रहेगा. इस दौरान कहीं सामान्य, तो कहीं अच्छी बारिश होने की संभावना है. अगले चार-पांच दिनों तक जिले में मानसूनी बारिश का दौर जारी रहने की प्रबल संभावना है. किसानों को धान रोपनी से जुड़ी तैयारियां पूरी रखने की सलाह दी गयी है.
