बाजपट्टी के बनगांव स्थित बोधायान मंदिर के जीर्णोद्धार की मांग, पर्यटन मंत्री से मिले पुजारी व समाजसेवी

सीतामढ़ी के बाजपट्टी स्थित ऐतिहासिक बोधायान मंदिर के विकास के लिए घोषित 5.29 करोड़ की राशि जारी नहीं हो रही है. पुजारी व ग्रामीणों ने पर्यटन मंत्री से मिलकर फंड शीघ्र जारी करने की मांग की है.

Sitamarhi News: सीतामढ़ी के बाजपट्टी प्रखंड अंतर्गत बनगांव दक्षिणी पंचायत स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक बोधायान मंदिर सह सरोवर के विकास और कायाकल्प की मांग को लेकर मंदिर के पुजारी, सेवक, समाजसेवी और स्थानीय ग्रामीणों ने पर्यटन मंत्री, बिहार सरकार से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर स्थल के विकास के लिए घोषित 5.29 करोड़ रुपये की राशि जल्द जारी करने की मांग की.

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि भगवान बोधायान की इस पवित्र कर्मस्थली का धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व है. स्थल के विकास के लिए पूर्व में भी सरकारी स्तर पर राशि स्वीकृत की जा चुकी है, लेकिन अतिरिक्त राशि जारी नहीं होने के कारण विकास कार्य अधूरा पड़ा है.

वर्ष 2018 में पर्यटन विभाग ने स्थल को किया था अधिसूचित

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार बिहार सरकार के पर्यटन विभाग ने बोधायान मंदिर सह सरोवर को वर्ष 2018 में अधिसूचित किया था. इसके बाद स्थल के विकास के लिए 3 करोड़ 17 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गयी थी.

इस राशि से मंदिर और सरोवर के आंशिक उन्नयन का काम कराया गया. हालांकि, स्थानीय लोगों के अनुसार स्थल के समुचित विकास के लिए अभी कई कार्य बाकी हैं.

5.29 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि की हुई थी घोषणा

प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन मंत्री को बताया कि 23 दिसंबर 2019 को प्रशासनिक निरीक्षण के दौरान बोधायान मंदिर सह सरोवर को और आकर्षक बनाने के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता का आश्वासन दिया गया था.

इसके बाद डीपीआर तैयार किया गया. प्रतिनिधिमंडल के अनुसार तत्कालीन पर्यटन मंत्री जीवेश मिश्र ने 24 जनवरी 2021 को आयोजित एक जनसभा में स्थल के विकास के लिए 5 करोड़ 29 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि की घोषणा की थी.

राशि जारी नहीं होने से अधूरा पड़ा विकास कार्य

मंदिर के पुजारी, सेवक और समाजसेवियों का कहना है कि घोषित 5.29 करोड़ रुपये की राशि अब तक विकास कार्य के लिए विमुक्त नहीं हो सकी है. इसके कारण बोधायान मंदिर सह सरोवर के जीर्णोद्धार और उन्नयन का काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है.

स्थानीय लोगों ने कहा कि राशि जारी होने से स्थल पर बुनियादी सुविधाओं के साथ सौंदर्यीकरण और विकास के अन्य कार्य भी आगे बढ़ाए जा सकेंगे.

पर्यटन मंत्री से पुनः निरीक्षण और राशि जारी करने की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन मंत्री से बोधायान मंदिर सह सरोवर का पुनः निरीक्षण कराने और घोषित 5.29 करोड़ रुपये की राशि जल्द जारी कराने की मांग की.

प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि राशि मिलने के बाद इस ऐतिहासिक स्थल का समुचित कायाकल्प किया जा सकेगा और इसे बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा.

ज्ञापन सौंपने वालों में मंदिर सेवक शंभू नाथ दास, दिवाकर कुमार सहित बनगांव के कई ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंदन सिंह

चंदन सिंह बीते 12 सालों से क्राइम रिपोर्टिंग की दुनिया में सक्रिय हैं. 2016 से लगातार प्रभात खबर के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दैनिक जागरण और भास्कर जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के लिये योगदान दे चुके हैं. क्राइम रिपोर्टिंग में इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म पर अधिक फोकस. पत्रकारिता में मास्टर्स की पढ़ाई की है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >