Sitamarhi: बथनाहा में दर्दनाक हादसा, बरगद का पेड़ गिरने से 7 माह के मासूम की मौत

सीतामढ़ी के कमलदह गांव में बुधवार तड़के आई तेज आंधी और बारिश ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं. अचानक विशाल बरगद का पेड़ कच्चे घर पर गिर पड़ा, जिससे सात माह के मासूम की मलबे में दबकर मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और ग्रामीण प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता देने की मांग कर रहे हैं.

Sitamarhi News: बथनाहा प्रखंड के कमलदह गांव में बुधवार तड़के आई तेज आंधी और बारिश एक परिवार के लिए भारी त्रासदी बन गई. सुबह करीब पौने चार बजे तेज हवा और मूसलाधार बारिश के बीच एक विशाल बरगद का पेड़ जड़ से उखड़कर किसान छोटू पासवान के कच्चे मकान पर गिर पड़ा. हादसे के समय पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था.

पेड़ गिरते ही कच्चा मकान पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया और इलाके में चीख-पुकार मच गई. तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया.

मलबे में दब गया मासूम

ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद छोटू पासवान और उनकी पत्नी गुड़िया देवी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि इस दर्दनाक हादसे में उनका करीब सात माह का दुधमुंहा बेटा कुणाल मलबे में दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया. मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी घटना के बाद मातम पसरा हुआ है.

ग्रामीणों ने मांगी प्रशासनिक मदद

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई पुराने और जर्जर पेड़ मौजूद हैं, जो आंधी और तूफान के दौरान कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं.

ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे खतरनाक पेड़ों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >