Rainfall: सीतामढ़ी जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. मंगलवार की रात के बाद बुधवार की देर रात से लेकर गुरुवार सुबह तक जिले में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कहीं तेज, कहीं मध्यम तो कहीं हल्की फुहारें पड़ती रहीं. इस लगातार बारिश से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है और पूरा मौसम सुहावना हो गया है.
किसानों के चेहरे खिले, धान की रोपाई में आएगी तेजी
यह बारिश किसानों के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हुई है. जिन खेतों में पानी की कमी के कारण अभी तक धान की रोपाई पूरी नहीं हो सकी थी, वहां इस वर्षा से पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे रोपाई के कार्यों में तेजी आने की पूरी उम्मीद है. इसके साथ ही सब्जी, मक्का, दलहन और अन्य खरीफ फसलों के लिए भी यह बारिश बेहद लाभदायक मानी जा रही है. पिछले कुछ दिनों से बारिश न होने के कारण खेतों में नमी घटने लगी थी, जिससे किसान काफी चिंतित थे, लेकिन इस ताजा बारिश ने उनकी परेशानियों को काफी हद तक कम कर दिया है.
अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही बना रहेगा मौसम का मिजाज
जिला कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. राम ईश्वर प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि अगले चार से पांच दिनों तक जिले में मौसम का रुख इसी तरह का बना रहने की पूरी संभावना है. इस दौरान प्रतिदिन 60 से 70 प्रतिशत तक वर्षा के आसार बने हुए हैं. जिले के अलग-अलग हिस्सों में कहीं अच्छी बारिश तो कहीं हल्की फुहारें देखने को मिल सकती है और इस दौरान आसमान में बादलों की आवाजाही लगातार बनी रहेगी. कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि वे इस अनुकूल मौसम का पूरा लाभ उठाते हुए धान की बची हुई रोपाई और खेतों के अन्य जरूरी कृषि कार्य समय पर पूरा कर लें.
