Sitamarhi Weather: जिले में मंगलवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला रहा. सुबह करीब चार बजे कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और छिटपुट बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया. दिन में कुछ समय धूप भी निकली, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मंगलवार रात में 60 से 70 प्रतिशत तक बारिश होने की संभावना है.
दिनभर बादल और धूप का रहा असर
सुबह बारिश के बाद दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहे. इसके बाद करीब चार घंटे तक धूप खिली, लेकिन लगातार चल रही ठंडी हवा के कारण तापमान सामान्य बना रहा.
मौसम में नमी बनी रहने से लोगों को तेज गर्मी का एहसास नहीं हुआ.
32 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
जिला कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. राम ईश्वर प्रसाद ने बताया कि मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
उन्होंने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
किसानों को अच्छी बारिश का इंतजार
मौसम विभाग लगातार वर्षा का पूर्वानुमान जारी कर रहा है, लेकिन अनुमान के अनुरूप बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ी हुई है.
धान की रोपनी के लिए पर्याप्त बारिश का इंतजार किया जा रहा है. फिलहाल बादलों और ठंडी हवाओं की वजह से मौसम राहतभरा बना हुआ है, जबकि किसान अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए हुए हैं.
