CM Samrat In Sitamarhi: सीतामढ़ी में आज माहौल पूरी तरह खास बना हुआ है. एक तरफ मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है, तो दूसरी तरफ जानकी नवमी और सीतामढ़ी महोत्सव की वजह से शहर में भक्ति और उत्सव का रंग देखने को मिल रहा है. मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है.
शहर के ट्रैफिक नियमों में बदलाव
पुलिस उपाधीक्षक (ट्रैफिक) के आदेशानुसार, आज यानी 25 अप्रैल की सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक गोशाला चौक से पमरा तक के रास्ते पर सभी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी. सिर्फ कार्यक्रम से जुड़े अधिकृत वाहनों को ही इस रूट पर चलने की अनुमति होगी. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस दौरान अल्टरनेट रास्तों का इस्तेमाल करें और नियमों का पालन करें. इधर, 25 और 26 अप्रैल को होने वाले सीतामढ़ी महोत्सव की तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं. इस कार्यक्रम का उद्घाटन खुद सीएम सम्राट चौधरी करेंगे. दो दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें स्थानीय कलाकारों को भी मंच दिया जाएगा.
पुनौरा धाम से निकाली गयी शोभा यात्रा
वहीं, आज जानकी नवमी के मौके पर पूरा शहर भक्ति में डूबा नजर आ रहा है. माता जानकी की जन्मस्थली होने के कारण यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है. पुनौरा धाम मंदिर से माता जानकी की भव्य डोला शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए. भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा माहौल गूंज उठा. यह शोभा यात्रा हालेश्वर स्थान मंदिर की परिक्रमा करते हुए वापस पुनौरा धाम पहुंचकर समाप्त हुई. शहर के मंदिरों को खूबसूरती से सजाया गया है और श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ पूजा-अर्चना कर रहे हैं.
यह भी पढे़ं: सीतामढ़ी: इलाज के साथ इंतजार फ्री! सदर अस्पताल की OPD व्यवस्था चरमराई
सीतामढ़ी से अमिताभ की रिपोर्ट
