सीतामढ़ी/पिपराही : सीतामढ़ी-शिवहर एनएच 104 के धनकौल पुल के पास शुक्रवार को दिन दहाड़े बदमाशों ने गोली मार कर एक कोयला व्यवसायी को जख्मी कर दिया, वहीं उसकी बाइक, मोबाइल व नगदी लूट ली.
घटना के बाद बदमाश शिवहर की ओर फरार हो गए. जख्मी व्यवसायी परसौनी थाना के परसौनी खिरोधर निवासी दुर्गा राय के पुत्र अरविंद कुमार, 26 वर्ष को इलाज के लिए सीतामढ़ी शहर स्थित नंदीपत मेमोरियल हॉस्पीटल एंड रिसर्च सेंटर में भरती कराया गया है. जहां उसका इलाज जारी है. चिकित्सक डॉ वरूण कुमार के अनुसार तत्काल व्यवसायी की हालत गंभीर बनी हुई है.
बदमाशों ने वारदात को उस वक्त अंजाम दिया, जब व्यवसायी कोयले का पैसा वसूलने बाइक पर सवार होकर शिवहर जा रहा था. घटना की सूचना के बाद शिवहर जिले के पिपराही थाना व परसौनी थाने की पुलिस ने घटना स्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया.
वहीं नगर थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष प्रभात रंजन सक्सेना ने नंदीपत मेमोरियल हॉस्पीटल एंड रिसर्च सेंटर पहुंच कर इलाजरत व्यवसायी का बयान दर्ज किया. जहां व्यवसायी ने दो अज्ञात बदमाशों को आरोपित किया है. बताते चले की अरविंद कुमार कोयले का व्यवसायी है. वह सीतामढ़ी-शिवहर के चिमनी संचालक समेत अन्य व्यवसायियों से कोयला बेचता है. परसौनी चौक पर उसकी कोयले की दुकान है.
इस क्रम में वह अपनी बगैर नंबर की नयी ग्लैमर बाइक पर सवार होकर धनकौल के पास स्थित चिमनी में पैसा वसूलने गया था. हालांकि उसे पैसा नहीं मिला. इसके बाद वह बाइक पर सवार होकर वसूली के लिए शिवहर जा रहा था. रास्ते में तकरीबन साढ़े नौ बजे सुबह उसके मोबाइल पर कॉल गया. वह सीतामढ़ी-शिवहर एनएच 104 के शिवहर जिले के पिपराही थानांतर्गत धनकौल पुल के पास बाइक खड़ी कर बात करने लगा.
इसी बीच पीछे से एक टेंपो आकर रूकी. जिससे दो बदमाश उतरे और व्यवसायी को गोली मार दी.गोली व्यवसायी के पीठ में लगी. जिससे व्यवसायी जख्मी होकर गिर पड़ा. इसके बाद बदमाशों ने व्यवसायी की जेब से दो हजार नगद, एक मोबाइल व उसकी बाइक लूट शिवहर की ओर फरार हो गए. व्यवसायी ने जख्मी हालत में अपनी एक अन्य मोबाइल से परिजनों को कॉल कर घटना की जानकारी दी. मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना देते हुए व्यवसायी को इलाज के लिए सीतामढ़ी पहुंचाया.
