डीएम ने की समीक्षा बैठक
सीतामढ़ी : बकरीद पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है. जिला प्रशासन का मानना है कि पर्व के दौरान अपराधी व उपद्रवी तत्व विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न कर सकते है. इस लिहाज से कड़ी निगरानी रखने की जरूरत है. डीएम राजीव रौशन व एसपी हरिप्रसाद एस ने प्रतिनियुक्त किये गये दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों को सचेत किया है. कहा है कि यह जिला पूर्व से ही संवेदनशील रहा है. किसी भी प्रकार की घटना की हालत में पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करने की छूट दी गयी है.
अफवाहों का खंडन तुरंत करें
अधिकारियों से कहा गया है कि अफवाहों का खंडन करने के साथ ही संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने से कोई परहेज नहीं किया जाएगा. किसी तरह का विवाद उत्पन्न होने पर उसका तुरंत निदान कराने व शांति समिति की बैठक कर मामले का समाधान करने को कहा गया है. तनाव फैलाने वालों के खिलाफ धारा 153, 505 व 295 के तहत कार्रवाई करने की हरी झंडी दी गयी है.
इससे पहले ऐसे तत्वों को आगाह कर देना है कि कुछ करने पर उनके खिलाफ कौन-कौन सी कार्रवाई हो सकती है. पर्व के मौके पर पंचायत स्तरीय सरकारी कर्मियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों को भी सचेत रहने को कहा गया है.
पांच दिनों तक नियंत्रण कक्ष
जिला मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष खोला जाएगा जो 11 से 15 सितंबर तक कार्यरत रहेगा. वहां का दूरभाष नंबर 250316 है. नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में डीडीसी ए रहमान एवं सदर डीएसपी राजीव रंजन रहेंगे. नियंत्रण कक्ष में पालीवार दंडाधिकारी व कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
