बैरगगनिया : संगठनात्मक चुनाव में उपेक्षा किये जाने से नाराज प्रखंड जदयू कार्यकर्ताओं ने बुधवार को नगर के पटेल चौक पर जिलाध्यक्ष मो ज्याउद्दीन खां एवं जिला निर्वाची पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह का पुतला फूंका. कार्यकर्ताओं ने दोनों के खिलाफ जम कर नारेबाजी भी की. कार्यकर्ताओं का आरोप है
कि प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्र व नगर में सक्रिय सदस्यों को दरकिनार कर गलत तरीके से संगठन का चुनाव कराया जा रहा है. इससे सक्रिय कार्यकर्ताओं में गहरी नाराजगी है. ऐसे लोगों को प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है जो भाजपा के सक्रिय सदस्य के साथ शिक्षक भी हैं.
इस संबंध में पार्टी के जिलाध्यक्ष व जिला निर्वाची पदाधिकारी को सूचित भी किया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी. नाराज कार्यकर्ताओं ने कहा है कि अगर इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी के कार्यकर्ता सामूहिक रुप से इस्तीफा दे देंगे. कार्यक्रम में प्रो राजकुमार सिंह, सीताराम सिंह, अधिवक्ता मोहन कुमार, ओमप्रकाश पटेल समेत कई कार्यकर्ता शामिल थे.
