परसौनी : प्रखंड की कठौर पंचायत के मुखिया दिनेश यादव ने मंगलवार को मध्य विद्यालय, सरखौली का औचक निरक्षण किया. निरीक्षण मंे कुल नामांकित 622 में से मात्र 298 बच्चे मौजूद मिले, जबकि गत शुक्रवार को 470, शनिवार को 455 व सोमवार को 490 बच्चों की हाजिरी बनायी गयी थी. चावल के स्टॉक रजिस्टर से मिलान करने पर लगभग 300 किलोग्राम चावल कम पाया गया. बच्चों को खिलाने के लिए काफी कम मात्रा में आलू व सोयाबीन की सब्जी व चावल बनाया गया था.
वर्ग 7 व 8 के बच्चे क्रमश: भोला कुमार, रौशन, चन्दन, सूरज, अमीरुल व अच्छेलाल ने मुखिया श्री यादव को यह बताकर आवाक कर दिया कि छोला व दाल कभी नहीं बनाया गया. खिचड़ी बनती है तो वो भी बिना दाल व हल्दी का. खीचड़ी कलर पीला बनाने के लिए हल्दी की जगह पीला रंग का उपयोग किया जाता है.
बच्चों का कहना था कि प्रधान शिक्षक द्वारा कक्षा आठ के 45 में से 15 बच्चों व अपने परिवार के सदस्यों को प्रधान शिक्षक परिभ्रमण पर ले जाना चाहते थे. विरोध करने पर परिभ्रमण की योजना टाल दी गयी. मुखिया श्री यादव ने प्रधान शिक्षक राज किशोर चौधरी को कड़ी फटकार लगायी और विद्यालय की व्यवस्था में सुधार लाने की हिदायत दी. मुखिया ने बताया कि स्कूल के उक्त हालात से वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा.
