परेशानी. स्कूलों का निरीक्षण व निर्देशों का पालन, बंद है कई स्कूलों का एमडीएम
बैरगनिया : प्रखंड में फिलहाल दो बीइओ है. यह सुनने में कुछ अटपटा जरूर लग रहा होगा, पर सच है. दो बीइओ के रहने के बावजूद शिक्षा व्यवस्था चौपट होती जा रही है. इस ओर न तो राज्य सरकार का ध्यान है और न ही वरीय अधिकारियों का. कई स्कूलों में एमडीएम बंद है.
कुछ विद्यालयों में तो काफी समय से बच्चों को एमडीएम के तहत भोजन नसीब नहीं हो पा रहा है. बीइओ स्कूलों का निरीक्षण नहीं कर पा रहे है. इस कारण कुछ शिक्षक भी विलंब से स्कूल पहुंच रहे है. हद तो यह कि वरीय अधिकारियों के निर्देशों का अनुपालन भी नहीं हो पा रहा है.
जाने पूरा मामला : प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने 30 जून को पत्र जारी कर बीइओ अजय कुमार त्रिवेदी का तबादला पश्चिम चंपारण के बुनियादी विद्यालय, भेलासी के प्रधान शिक्षक के पद पर कर दिया. उसी दिन एक अन्य पत्र के माध्यम से कटिहार के बुनियादी विद्यालय, बड़हेटा के प्रधान शिक्षक विजय आनंद कुमार यहां का बीइओ बना दिया गया. 14 जुलाई 2016 को श्री त्रिवेदी यहां से विरमित होकर चले गये तो श्री कुमार यहां योगदान किये. तब से ही प्रभार नहीं मिलने के चलते बीइओ श्री कुमार एक तरह से यहां बेरोजगार बैठे हुए है.
डेढ़ माह बाद भी उन्हें प्रभार नहीं मिल सका है.
इस बीच, कुछ बीइओ ने तबादले पर आपत्ति कर हाइकोर्ट में एक वाद दायर कर दिया. हाइकोर्ट ने गत दिन बीइओ के किये गये सामूहिक तबादले में त्रुटि पाकर इस पर रोक लगा दिया. इसकी खबर मिलते ही पश्चिम चंपारण गये श्री त्रिवेदी वहां से आकर डीइओ कार्यालय में 19 अगस्त को योगदान कर लिये. इधर, प्रभार नहीं मिलने से नये बीइओ श्री कुमार परेशान है.
कहते हैं डीइओ
डीइओ महेश्वर साफ ने बताया कि तबादले पर हाइकोर्ट के स्तर से रोक लगा दी गयी है. विभागीय निर्देश मिलते ही सभी बीइओ को पूर्व के स्थान पर भेजा जाएगा.
