जब्त शराब व कारोबारी क साथ नगर थानाध्यक्ष़.
नगर थाने की पुलिस को मिली सफलता
144 बोतल नेपाली गोल्डेन वाइन बरामद
मझौलिया का रहनेवाला है कारोबारी
सीतामढ़ी : नगर थाने की पुलिस ने शनिवार की रात भवदेपुर गुमटी के पास चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार के पास से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की. जब्त शराब में 144 बोतल नेपाली गोल्डेन शामिल है. 180 एमएल शराब की उक्त बोतल दो अलग-अलग बैग में रखी थी.
नगर थानाध्यक्ष विशाल आनंद ने रविवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पकड़ा गया कारोबारी युगल किशोर भगत बथनाहा थाना के मझौलिया गांव निवासी शुभलाल भगत का पुत्र है. उसकी हीरो पैशन प्रो बाइक(बीआर 06ए 7108) भी जब्त की गयी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि भवदेपुर गुमटी के पास एक संदिग्ध बाइक सवार दो बैग में रखा कुछ सामान लेकर जा रहा है. सूचना पर समकालीन अभियान में निकले पुलिस अवर निरीक्षक सुमन कुमार मिश्रा, शत्रुध्न साह एवं सहायक दारोगा संजय कुमार राय को सैप बल के साथ चेकिंग का निर्देश दिया गया.
इस क्रम में उक्त बाइक सवार को चेकिंग के दौरान शराब के साथ दबोच लिया गया. पुलिस को देख कर वह बाइक छोड़ कर भागने लगा, जिसे जवानों ने खदेड़ कर पकड़ लिया. पूछताछ में उसने बताया है कि वह नेपाल से शराब खरीद कर यहां ऊंचे दाम पर बेचने का काम करता हैं. पकड़े गये कारोबारी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
