नगर पंचायत कार्यालय, डुमरा.
बिना निबंधन का दुकान अब नहीं होगी संचालित
सीतामढ़ी : नगर पंचायत, डुमरा के अंतर्गत आने वाले व्यवसायियों को अपनी-अपनी दुकानों का ट्रेड लाइसेंस लेना अनिवार्य कर दिया गया है. नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सरकार के उक्त निर्देश का पालन कराने को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं. दुकानदारों को 31 अगस्त तक अपनी-अपनी दुकानों का निबंधन करा लेने का अल्टीमेटम दिया गया है.
ऐसा नहीं करने वाले दुकानों को अवैध घोषित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि वैसे दुकान जिसका टीन व वैट है, लेकिन नगर पंचायत से निबंधित नहीं है तो वैसे दुकान को अवैध घोषित किया जाएगा.
साथ ही इन अवैध घोषित दुकानों के संचालकों से जुर्माना वसूल किया जाएगा.
बताया कि निर्धारित अवधि के अंदर ट्रेड लाइसेंस नहीं लेने वाले कारोबारियों की दुकानों को सील कर दिया जाएगा. बताया कि यह कार्रवाई 31 अगस्त के बाद शुरू कर दी जाएगी.
नगर पंचायत क्षेत्र में करीब पांच सौ दुकानदार है, जिसमें से 50 दुकादारों ने अपनी दुकान के निबंधन के लिए आवेदन दिया है. शेष 450 व्यवसायी चैन की नींद सो रहे हैं, जबकि निबंधन कराने के लिए मात्र पांच दिन बचे हैं.
