रीगा : प्रखंड कार्यालय में प्रमुख रेखा देवी की अध्यक्षता में सोमवार को पंचायत समिति की पहली बैठक हुई. चालू वर्ष के लिए योजनाओं पर चर्चा की गयी. सदस्यों ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर होने वाली गड़बड़ी का मामला उठाया गया. लेकिन सवालों का जवाब दिये बगैर जिला में होने वाली बैठक में भाग लेने की बात कहकर सीडीपीओ पुष्पा कुमारी चली गयीं. सदस्यों ने प्रमुख से कृषि व शिक्षा विभाग में अनियमितता की जांच के लिए एक टीम गठित करने की मांग की.
स्वास्थ्य विभाग के एक भी अधिकारी या प्रतिनिधि मौजूद नहीं थे. इस पर निंदा प्रस्ताव पारित किया गया. एक ही स्थान पर वर्षों से जमे किसान सलाहकार व पंचायत सचिवों के तबादले का निर्णय लिया गया. मौके पर बीडीओ अशोक कुमार, सीओ ललित कुमार सिंह, एमओ विकास रंजन, उप प्रमुख राज कुमार राय, पीओ कृपा शंकर झा, मुखिया आशा सिंह, अनिल मंडल, चंचला देवी, पंसस राकेश कुमार सिंह व सुधीर कुमार समेत अन्य मौजूद थे.
