दबिश. रीगा थाने की पुलिस ने दोहरा गांव में की छापेमारी
सीतामढ़ी/रीगा : रीगा थाने की पुलिस ने सोमवार को गुप्त सूचना पर दोहरा गांव में छापेमारी कर अवैध शराब फैक्ट्री का खुलासा किया है.
इनमें शराब के शातिर कारोबारी विनोद सहनी के घर से एक बड़ा ड्रम, आठ लीटर तैयार देसी शराब, दो क्विंटल गुड़, चार बड़ा बरतन, चूल्हा, पाइप के अलावा भारी मात्रा में शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद होने की बात सामने आयी है. वहीं मुसाफिर मियां के दरवाजे से पांच लीटर तैयार देसी शराब, बरतन, ड्रम व अन्य सामग्री मिला है.
हालांकि थानाध्यक्ष नफीस अहमद ने शराब फैक्ट्री के मिलने से इनकार कर दिया है. उन्होंने बताया कि दोनों कारोबारियों के घर से सिर्फ शराब बरामद किया गया है.
कारोबारी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. कारोबारी के घर को सील कर दिया गया है. वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि छापेमारी में पुलिस को अवैध शराब फैक्ट्री मिला है. पुलिस द्वारा इसे छुपाने का प्रयास किया जा रहा है.
बताया जाता है कि विनोद सहनी अवैध शराब का बड़ा धंधेबाज है. वह कई बार पकड़ा जा चुका है. उसके द्वारा इलाके में अवैध शराब फैक्ट्री के माध्यम से शराब की आपूर्ति की जा रही है.पुलिसिया कार्रवाई के दौरान गांव की दर्जनों महिलाएं मौजूद थी, जिसे कारेाबारी के घर में जाने से रोक दिया गया था. मालूम हो कि हाल ही में शराबबंदी के बावजूद शराब फैक्ट्री के खुलासा पर बैरगनिया व रून्नीसैदपुर थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया था. मुख्यमंत्री ने ऐसे थानाध्यक्षों के अगले 10 साल तक थानेदारी पर रोक लगाने का आदेश दिया था. इसके बाद थानाध्यक्ष शराब फैक्ट्री के खुलासे से बच रहे हैं.
