सुबह से ही श्रद्धालुओं की लगने लगी लंबी कतारें
जय शिव, जय शिव, बम-बम भोले के नारों से गूंजते रहे शिव मंदिर
सीतामढ़ी : श्रावण माह की तीसरी सोमवारी के अवसर पर जिले के विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का जनशैलाब उमड़ पड़ा.
सुबह से ही मंदिरों में कावांरियों का जत्था जल लेकर विभिन्न शिवालयों के पहुंचने लगे. शहर से लेकर गांव तक की मंदिरों को भव्य तरीके से सजाया गया था. सुबह से ही ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से शिव तांडव स्तोत्र व शिव नचारी समेत विभिन्न भक्ति गीतों की गुंज से पूरा वातावरण गुंजायमान होने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक चलता रहा.
शहर से सटे आस्था का प्रतिक हलेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर को मनमोहक तरीके से सजाया गया था, जो देखते ही बन रहा था. हजारों की संख्या में पीले वस्त्र पहने कांवरियों की जत्था झूमते हुए मंदिर पहुंच रहे थे.
श्रद्धालु जय शिव, जय शिव, बोल बम-बोल बम की जयघोष के बीच जलाभिषेक कर रहे थे. दर्जनों महिला एवं पुरुष झूमते हुये मंदिर का परिक्रमा कर रहे थे. वहीं विभिन्न शिवालयों में मेला लगाया गया था, जिसमें महिलाएं व बच्चे जमकर खरीदारी करते देखे गये.
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया था. इसी प्रकार से रंजीतपुर (पश्चिमी) गांव स्थित बगही धाम पर शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए पुरुष व महलाओं का तांता लगा हुआ था.
इसी प्रकार, शहर के वैष्णो मंदिर स्थित शिव मंदिर, पुनौरा धाम स्थित शिव मंदिर, राजोपट्टी स्थित शिव मंदिर, शहर स्थित नगर थाना परिसर स्थित मनोकामना महादेव मंदिर व डुमरा प्रखंड के केथरिया गांव स्थित शिव मंदिर समेत अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने फूल, दूभ, बेलपत्र, भांग-धतुरा व दूध के साथ जलाभिषेक के लिए दिन भर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा.
