सड़क दुर्घटना. बथनाहा थाना के भगवानपुर चौक पर ट्रक व बाइक में टक्कर
निजी स्कूल का संचालक था गणेश राय
पत्नी सुशीला देवी निजी क्लिनिक में भर्ती
सीतामढ़ी : सीतामढ़ी-सोनबरसा एनएच-77 पर भगवानपुर चौक के पास मंगलवार को ट्रक व बाइक की टक्कर में बाइक पर सवार स्कूल संचालक की घटनास्थल पर हीं मौत हो गयी. वहीं पत्नी गंभीर रुप से जख्मी है, जिसे इलाज के लिए निजी क्लिनिक में भरती कराया गया है. मृतक गणेश राय (40 वर्ष) पिता स्व नगीना राय सोनबरसा थाना क्षेत्र के खुटहा गांव का रहनेवाला था. वह बाइक पर सवार होकर पत्नी सुशीला देवी के साथ सीतामढ़ी से सोनबरसा लौट रहा था.
उधर दुर्घटना में संचालक की मौत से गुस्साये ग्रामीणों ने एनएच जाम कर बवाल काटा. सूचना मिलने पर बथनाहा बीडीओ विनय कुमार सिंह, सीओ शिवशंकर राय, थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा, दारोगा गंगा कुमार सोरेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. थानाध्यक्ष ने जाम कर रहे ग्रामीणों को समझाने बुझाने का प्रयास किया, किंतु लोग कुछ समझने को तैयार नहीं थे.
महिलाओं से दुर्व्यवहार का आरोप
इस दौरान महिलाओं ने पुलिस पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया, जिसको लेकर पुलिस से धक्का मुक्की भी हुई. करीब तीन घंटा तक जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गयी. बाद में सदर एसडीओ संजय कृष्ण मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दिया. मुखिया राजीव रंजन झा उर्फ बबलू झा एवं प्रमुख पति विजय साह की पहल पर जाम हटाया जा सका. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. ट्रक का चालक ट्रक छोड़ कर फरार है.
आक्रोिशतों ने मौत के विरोध में तीन घंटे तक जाम रहा एनएच
प्रश्नपत्र लेकर लौट रहा था घर : जानकारी के अनुसार, मृतक का करहरवा गांव में किड्स जोन पब्लिक स्कूल है. स्कूल में परीक्षा होनेवाली है. इसको लेकर वह पत्नी के साथ बाइक से प्रश्न पत्र लेने सीतामढ़ी आया था. दोनों बाइक से प्रश्न पत्र लेकर लौट रहे थे. इसी बीच सीतामढ़ी से सोनबरसा जा रहे ट्रक (बीआर06 4375) के चालक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी. बथनाहा पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है.
