डुमरा : विधान परिषद के चुनाव में भाजपा ने सही वक्त पर प्रत्याशी देवेंद्र साह के नाम की घोषणा की. ऐसा कर पार्टी ने विरोधियों को करारा जवाब दिया है. देवेंद्र साह की जीत सुनिश्चित है.उक्त बातें भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कही. वे रविवार को डुमरा स्थित विधान पार्षद देवेश चंद्र ठाकुर के आवास पर पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे. कहा, बिहार विस चुनाव पर पूरे देश की निगाहें टिकी हुई है.
नफरत मोहब्बत में बदली : राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री हुसैन ने कहा कि लालू-नीतीश की अनैतिक नीति को जनता देख रहीहै. वे नैतिकता के तराजू पर इसे नहीं तौल सकते. भाजपा के डर से दोनों की नफरत मुहब्बत में बदल गयी. पूर्व सीएम जीतन राम मांझी की पार्टी हम का प्रस्ताव एनडीए को मिलने के बाद नीतीश व लालू में खलबली है. अब सीएम का पद भी नीतीश के लिए ख्वाब रहेगा.
नीतीश की टिप्पणी अशोभनीय
श्री हुसैन ने कहा, जब सूबे में जंगल राज था तो उस राज को भाजपा से मिल कर नीतीश ने दूर किया. फिर उसी राज के व्यक्ति से हाथ मिला लिया गया. उन्होंने गत दिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर सीएम नीतीश कुमार द्वारा की गयी टिप्पणी को अशोभनीय बताया. कहा, नीतीश कुमार श्री साह के विचार या पार्टी पर टिप्पणी कर सकते हैं, पर शरीर की बनावट पर टिप्पणी करना अनुचित है.
समय पर सीएम प्रत्याशी की घोषणा
कहा कि भाजपा समय आने पर सीएम प्रत्याशी के नाम की घोषणा करेगी. यह निर्णय पार्टी की संसदीय समिति को लेना है. विधानसभा चुनाव को लेकर सम्मेलन व कार्यशाला की तैयारियां शुरू कर दी गयी है.
सूबे में अगली सरकार एनडीए की बनेगी. मौके पर विधान पार्षद देवेश चंद्र ठाकुर, विप प्रत्याशी देवेंद्र साह, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज कुमार, पूर्व अध्यक्ष सुफल झा, प्रो उमेश चंद्र झा, मनीष गुप्ता व सुधांशु शेखर समेत अन्य मौजूद थे. यहां के बाद श्री हुसैन बाजपट्टी में आयोजित विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में शामिल होने चले गये.
