सुरसंड : सीतामढ़ी सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के शाखा प्रभारी किसलय कुमार ने बुधवार को स्थानीय थाने में सरकारी राशि के गबन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
प्राथमिकी में डाढ़ावारी पंचायत के पूर्व पैक्स अध्यक्ष राजीव कुमार चौधरी, कार्यकारिणी समिति सदस्य रामनरेश चौधरी, कोरियाही पंचायत के पूर्व पैक्स अध्यक्ष फैजुल हक एवं कार्यकारिणी समिति सदस्य आसिफ हुसैन को आरोपित किया गया है. चारों पर 31 मार्च 2014 तक क्रमश: चार लाख 99 हजार 200 रुपये एवं पांच लाख 42 हजार 125 रुपये गबन करने का आरोप है. सरकार द्वारा कराये गये अंकेक्षण में उक्त मामला उजागर हुआ है.
