शिवहर: नगर सभापति राजन नन्दन सिंह ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर अपने तीन वर्षों के कार्यकाल में नगर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और आवास योजना की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए “कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन” का संदेश दिया। सभापति ने कहा कि जब उन्होंने कार्यभार संभाला था, तब शहर की स्थिति काफी जर्जर थी। नगर बोर्ड ने विकास को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न क्षेत्रों में योजनाओं को धरातल पर उतारा है।
तीन साल में 3122 आवासों का पूर्ण भुगतान
सभापति ने बताया कि वर्ष 2021 से पहले आवास योजना के तहत नगर को कुल 4400 आवास मिले थे। विभिन्न कारणों से 700 आवास वापस होने के बाद 3700 आवास शेष रह गये। वर्ष 2021 तक इनमें से 1118 लाभुकों को पूर्ण भुगतान किया जा चुका था। वर्तमान में कुल 3122 आवासों का पूर्ण भुगतान किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि नयी आवास योजना PMAY 2.0 के प्रथम फेज में 241 लाभार्थियों को आवास का लाभ दिया गया है। वहीं अगस्त माह के अंत में दूसरे फेज के तहत 2919 लाभार्थियों को आवास की स्वीकृति मिली है।
इनमें सामान्य श्रेणी के 540 परिवार, ओबीसी के 1592 परिवार, एससी के 783 परिवार और एसटी के चार परिवार शामिल हैं। इन सभी लाभुकों के लिए 15 सितंबर से एकरारनामा की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सड़क और नाला निर्माण समेत सैकड़ों योजनाओं का दावा
राजन नन्दन सिंह ने कहा कि उनके तीन वर्षों के कार्यकाल में नगर क्षेत्र में सैकड़ों विकास योजनाएं पूरी हुई हैं, जिन्हें स्थल पर देखा जा सकता है। इनमें नन्दलाल गली, विद्या विहार वाली सड़क, खादी भंडार की सड़क, महिला थाना रोड, सुंदरपुर का मुख्य नाला, दाउद छपरा का मुख्य नाला, इस्लामपुर से चिकनौटा का नाला, पंचमुखी हनुमान मंदिर की सड़क और बीआरसी रोड प्रमुख हैं।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से नगर के स्वरूप में बदलाव आया है। आगे भी शहर की समस्याओं के समाधान के लिए तत्परता से काम किया जाएगा और आम लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराने पर प्राथमिकता रहेगी।
दुर्गा पूजा से पहले पूरा होगा जगदीश नन्दन सिंह पथ
नगर सभापति ने कहा कि जगदीश नन्दन सिंह पथ का निर्माण कार्य दुर्गा पूजा से पहले पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगरवासियों के लिए वर्तमान जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने शिवहर मंडल कारा के पास मॉडल पार्क के लिए भूमि उपलब्ध करायी है। यहां जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिवहर ब्लॉक रोड स्थित पछियारी पोखर का विकास मॉडल के रूप में किया जा रहा है। यह स्थान आसपास के लोगों और जिले के लिए मिसाल बनेगा तथा नगरवासियों को पर्यटन स्थल के रूप में एक नया स्थान मिलेगा। इससे आसपास के क्षेत्रों में वाणिज्यिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
अक्टूबर से हर महीने लगेगा जनता दरबार
सभापति ने अक्टूबर से नगर परिषद में हर महीने के दूसरे गुरुवार को जनता दरबार आयोजित करने की घोषणा की। इसके अलावा अक्टूबर से ही प्रत्येक शुक्रवार को शिवहर नगर सभापति के आवास पर जन सहयोग शिविर लगाया जाएगा।
शिविर में नगर और आसपास के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित कर्मी मौजूद रहेंगे। यहां आवास योजना, नल-जल, साफ-सफाई, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, दिव्यांग पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड, अस्पताल, लेबर कार्ड सहित अन्य समस्याओं के समाधान में लोगों की मदद की जाएगी।
यह भी पढ़ें
शिवहर में सेवानिवृत्त शिक्षक ने शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ाया योगदान
