Sheohar News: जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी ने गुरुवार को बागमती नदी के बायें तटबंध का सघन निरीक्षण किया. मानसून की आहट और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है. डीएम ने पिपराही और पुरनहिया प्रखंड क्षेत्र में चल रहे तटबंध जीर्णोद्धार कार्यों की बारीकी से समीक्षा की और गुणवत्ता के साथ समझौता न करने की सख्त हिदायत दी.
20 किलोमीटर लंबे तटबंध का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अदौरी ग्राम स्थित 8वें किलोमीटर से लेकर धनकौल ग्राम स्थित 28.71वें किलोमीटर तक के तटबंधों की भौतिक स्थिति को देखा. लगभग 20 किलोमीटर लंबे इस दायरे में हो रहे सुरक्षात्मक कार्यों को लेकर उन्होंने संबंधित अभियंताओं को कड़े निर्देश दिए. डीएम ने स्पष्ट किया कि मानसून आने से पहले सभी संवेदनशील पॉइंट पर काम अनिवार्य रूप से पूरा हो जाना चाहिए ताकि तटबंध के किनारे बसे गांवों पर बाढ़ का खतरा न मंडराए.
गुणवत्ता और समय सीमा पर विशेष ध्यान
डीएम ने कार्य स्थल पर मौजूद अधिकारियों और एजेंसी के प्रतिनिधियों से कहा कि बाढ़ नियंत्रण के कार्यों में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने जल संसाधन विभाग के अभियंताओं को निरंतर निगरानी रखने का निर्देश दिया. मौके पर ओएसडी संदीप कुमार, एसडीएम अविनाश कुणाल और जीए इंफ्रा के जीएम मौजूद थे. जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य बाढ़ से होने वाली संभावित तबाही को रोकना और तटबंध को पूरी तरह सुरक्षित बनाना है.
शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
