शिवहर में चोरी: प्रखंड क्षेत्र के फुलकाहां पंचायत स्थित फुलकाहां बाजार में अज्ञात चोरों ने एक ज्वेलर्स दुकान का ताला काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया. घटना का पता तब चला, जब दुकानदार आकाश कुमार, पिता प्रदीप साह, सुबह दुकान खोलने पहुंचे. दुकान के शटर का ताला कटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गये.
चांदी के सामान और सोने की अंगूठी चोरी
दुकानदार के अनुसार, चोर दुकान से चांदी की एक छीपली, 10 पीस राखी, एक हाथी, पांच पीस पायल और पांच पीस चांदी के पेन ले गये. इसके अलावा एक सोने की अंगूठी और गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिये गये.
घटना की जानकारी मिलते ही दुकानदार ने श्यामपुर भटहां थाना पुलिस को सूचना दी. उन्होंने थाने में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच
सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ फुलकाहां बाजार पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने पीड़ित दुकानदार के आवेदन के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस चोरी की घटना से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है.
फुलकाहां बाजार में लगातार चोरी से चिंता
बताया जाता है कि फुलकाहां बाजार में पहले भी चोरी की घटनाएं होती रही हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, बाजार में बार-बार चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में चिंता बनी रहती है. लोगों ने पुलिस से बाजार क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है.
यह भी पढे़ं:
अदौरी में आज आएंगे मंत्री श्रवण कुमार, पुस्तकालय और सिलाई सेंटर का करेंगे उद्घाटन
