मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शिवहर दौरे से पहले हाई अलर्ट, सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक प्रशासन की बड़ी तैयारी

मुख्यमंत्री के शिवहर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।

Samrat Choudhary Sheohar Visit: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित शिवहर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. कार्यक्रम के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए शनिवार को डीएम प्रतिभा रानी और एसपी शैलेन्द्र सिंह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की.

समाहरणालय के संवाद कक्ष और कार्यक्रम स्थल पर आयोजित ब्रीफिंग में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं.

अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश

डीएम प्रतिभा रानी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया.

वहीं, एसपी शैलेन्द्र सिंह ने असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं को रोकने के लिए संबंधित सेल को सक्रिय रहने का निर्देश दिया.

सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक नहीं होगी

डीएम और एसपी ने संयुक्त ब्रीफिंग में स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

इसके लिए कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और आसपास के क्षेत्रों में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा वीआईपी सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए.

ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन पर विशेष फोकस

प्रशासन ने मुख्यमंत्री के काफिले की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रूट लाइनिंग और यातायात प्रबंधन की विस्तृत योजना तैयार की है.

संभावित भीड़ को देखते हुए सेक्टरवार दंडाधिकारियों और पुलिस बलों की तैनाती की गई है. साथ ही मजबूत बैरिकेडिंग, अलग-अलग पार्किंग स्थल और प्रवेश-निकास व्यवस्था को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि जाम और अव्यवस्था की स्थिति न बने.

मेडिकल और आपातकालीन सेवाएं रहेंगी अलर्ट

डीएम ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी किसी भी स्थिति से बचने के लिए प्रवेश और निकास व्यवस्था सुचारु रखी जाए. महिलाओं और बुजुर्गों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया है.

इसके अलावा कार्यक्रम स्थल के पास मेडिकल टीम, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और सेफ हाउस को पूरी तरह अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए गए हैं.

हालांकि, मुख्यमंत्री के शिवहर आगमन का आधिकारिक कार्यक्रम जारी होना अभी बाकी है. प्रशासन संभावित दौरे को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने में जुटा है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish kumar sing

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >