महिला दारोगा की दबंगई का वीडियो वायरल

शहर के गौरक्षणी मुहल्ले में एक महिला दारोगा द्वारा घर में घुसकर महिला के साथ पिटाई करने का वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में महिला दारोगा सासाराम के नगर थाने में तैनात श्वेता सिन्हा बतायी जा रही हैं.

सासाराम ग्रामीण. शहर के गौरक्षणी मुहल्ले में एक महिला दारोगा द्वारा घर में घुसकर महिला के साथ पिटाई करने का वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में महिला दारोगा सासाराम के नगर थाने में तैनात श्वेता सिन्हा बतायी जा रही हैं. हालांकि, प्रभात खबर इस वीडियो के कंटेंट की पुष्टि नहीं करता है. लेकिन, यह चर्चा का विषय बना हुआ है. जानकारी के अनुसार, विगत रविवार को गौरक्षणी मुहल्ले में हुई फायरिंग को लेकर आरोपित के घर पुलिस टीम जांच करने गौरक्षणी पहुंची थी. इस दौरान पूछताछ के क्रम में महिला दारोगा श्वेता सिन्हा द्वारा छोटे-छोटे बच्चों के सामने ही उनकी मां की पिटाई की जा रही है. इससे कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं. वहीं, पिटाई के दौरान महिला द्वारा कहते हुए सुना जा रहा है कि अगर वह किसी मामले में दोषी है, तो उसे थाना ले जाया जाये, लेकिन मारपीट नहीं की जाये. बावजूद इसके वीडियो में महिला दारोगा अपनी दबंगई दिखाते हुए महिला की दनादन पिटाई करती हुई दिख रही है. दरअसल, वीडियो में एक पुरुष दारोगा भी सादे ड्रेस में नजर आ रहा है और उनके द्वारा भी मारपीट के दौरान महिला दारोगा को रोका टोका नहीं गया. इस वायरल वीडियो को लेकर सदर एसडीपीओ 1 दिलीप कुमार ने बताया कि जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसकी पुष्टि की जा रही है. वीडियो की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >