डिजिटल अरेस्ट कर 86 लाख की ठगी करने वाले वराणसी से तीन गिरफ्तार
रोहतास पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर ठगों के अंतराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश
86 लाख रुपये के अवैध ट्रांजेक्शन मामले में महाराष्ट्र से वाराणसी तक जुड़ा तार
डिजिटल अरेस्ट की शिकायत पर पुलिस ने यूपी और बिहार के ठगों को दबोचा
खाते में 86 लाख के लेन-देन पर कोनार के मदन गोपाल पांडेय ने की थी शिकायत
उत्तर प्रदेश के बलिया का एक, करगहर और शिवसागर का एक-एक सहित तीन धराये
प्रतिनिधि, सासाराम सदर
रोहतास पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 86 लाख रुपये की ठगी के मामले का खुलासा किया है. यह कार्रवाई शिवसागर थाना क्षेत्र के कोनार गांव निवासी मदन गोपाल पांडेय द्वारा डेहरी स्थित साइबर थाने में दर्ज शिकायत के आधार पर की गयी है. मामले की जानकारी देते हुए एसपी रोशन कुमार ने बताया कि डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर उनके खाते से 86 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन किया गया था.
डिजिटल अरेस्ट कर खाते से उड़ाये लाखों रुपये
एसपी ने बताया कि पीड़ित मदन गोपाल पांडेय के खाते से एक बार 48 लाख और दूसरी बार 38 लाख रुपये का अवैध ट्रांजेक्शन किया गया. इस ट्रांजेक्शन के बाद वादी ने तत्काल साइबर थाने में शिकायत दर्ज करायी. मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर डीएसपी के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छानबीन शुरू की गयी. जांच में पाया गया कि मदन के खाते को डिजिटल अरेस्ट कर महाराष्ट्र से ट्रांजेक्शन किया गया था. इसके बाद महाराष्ट्र में उनके खाते पर दो शिकायतें भी दर्ज करायी गयी थीं.
वाराणसी से तीन आरोपित गिरफ्तार
गठित टीम ने विभिन्न बिंदुओं पर गहनता से जांच शुरू की और वाराणसी से तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार कर लिया. एसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में उत्तर प्रदेश के बलिया जिला अंतर्गत सातवार निवासी पुरुषोत्तम सिंह, करगहर निवासी अनिल कुमार और शिवसागर के कोनार निवासी राजीव कुमार चौबे शामिल हैं. पुलिस तीनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है और उनके नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है. एसपी ने कहा कि जल्द ही इस पूरे गिरोह का खुलासा कर लिया जायेगा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.