Rohtas News : दुर्गावती डैम से कैमूर जिले की ओर निकलने वाली मुख्य नहर में शुक्रवार को स्नान करने के दौरान 15 वर्षीय किशोर के डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही रोहतास और कैमूर जिले की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से किशोर की तलाश शुरू कर दी. खबर लिखे जाने तक नहर में खोजबीन जारी थी.
दोस्तों के साथ घूमने पहुंचा था डैम, नहर में उतरना पड़ा भारी
डूबने वाले किशोर की पहचान चेनारी थाना क्षेत्र के लोहार गांव निवासी महेंद्र बिंद के 15 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि रोहित अपने दोस्तों के साथ दुर्गावती डैम घूमने गया था. इसी दौरान कुछ लोगों को मुख्य नहर में स्नान करते देखकर वह भी नहर में उतर गया.
गहरे पानी में गया और देखते ही देखते डूब गया
स्नान करने के दौरान रोहित अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया. साथ मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी और परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गयी.
घटनास्थल कैमूर सीमा में, दोनों जिलों की पुलिस जुटी तलाश में
चेनारी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि किशोर के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि घटना कैमूर जिले की सीमा में हुई है. इसके बाद कैमूर और रोहतास पुलिस के समन्वय से किशोर की तलाश शुरू की गयी.
गहरे पानी के कारण सर्च ऑपरेशन में आ रही परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार मुख्य नहर में कई स्थानों पर पानी काफी गहरा है. इस कारण किशोर की तलाश में पुलिस और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है. उपलब्ध संसाधनों के साथ नहर के आसपास भी सघन खोजबीन की जा रही है.
लोहार गांव में पसरा मातम, परिजनों को सकुशल मिलने की उम्मीद
घटना के बाद लोहार गांव में मातम का माहौल है. परिजन रोहित के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार तलाशी अभियान पूरा होने के बाद ही घटना की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
