समाहुता गांव के पास पराली में लगी भीषण आग, ट्रेनें रोकी गयीं, लाखों का नुकसान

SASARAM NEWS.अंचल क्षेत्र के समाहुता गांव के समीप रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ पराली में तेज आग लगने के कारण दो ट्रेनों को समाहुता रेलवे हाल्ट से कुछ दूरी पर रोकना पड़ा. आग की लपटें और धुएं को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर लोको पायलट ने ट्रेनों को रोक दिया.

रेलवे ट्रैक के पास आग से दहशत, फायर ब्रिगेड की मदद से पाया गया काबू

मुर्गा फार्म और पशु चारा स्टोर जलकर राख, कई गांवों में भी फैली आग

संझौली.

अंचल क्षेत्र के समाहुता गांव के समीप रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ पराली में तेज आग लगने के कारण दो ट्रेनों को समाहुता रेलवे हाल्ट से कुछ दूरी पर रोकना पड़ा. आग की लपटें और धुएं को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर लोको पायलट ने ट्रेनों को रोक दिया. इसमें सासाराम से पटना जाने वाली ट्रेन, जो लगभग 12:15 बजे सासाराम से खुलती है, उसे करीब डेढ़ घंटे तक रोका गया. वहीं आरा से सासाराम आने वाली ट्रेन को लगभग 30 मिनट तक रोकना पड़ा. फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने के बाद ट्रेनों का परिचालन सामान्य किया गया. आग की चपेट में आने से पेड़-पौधों के साथ समाहुता गांव निवासी शिवचंद सिंह के मुर्गा फार्म तक आग की लपटें पहुंच गयीं, जिससे दर्जनों चूजे झुलस गये. वहीं अमरेश सिंह के पशु चारा स्टोर में आग लगने से लाखों रुपये का चारा जलकर राख हो गया.

जागरूकता अभियान चलाने का बावजूद पराली जला रहे लोग

स्थानीय लोगों के अनुसार अंचल क्षेत्र के लक्ष्मीपुर, अमेठी, सिकटी, तिलाई और बेनसागर गांव के आसपास पराली में आग लगने से खेतों में खड़ी फसल, पशु चारा और पौधों को भी नुकसान हुआ है. लोगों का कहना है कि रविवार का दिन आग की घटनाओं से प्रभावित रहा, जहां से भी सूचना मिल रही थी, वहां आग लगने की घटनाएं सामने आ रही थीं.स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार, कृषि वैज्ञानिक और पर्यावरण विशेषज्ञ लगातार पराली न जलाने के लिए जागरूकता अभियान चला रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ किसान और असामाजिक तत्व पराली जलाने से परहेज नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण हर साल लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है.

कहते हैं फायर ब्रिगेड के अधिकारी

एक ही दिन में कई जगहों इतनी अधिक जगह आग लग रही है कि आग बुझाने वाली गाड़ी कम पड़ जा रही है. किसानों को पराली में आग लगने से परहेज करना चाहिए.

कहते है प्रभारी थानाध्यक्ष

प्रभारी थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि अंचल क्षेत्र तेनुआ, लक्ष्मीपुर, समाहुता, सुसाडी सहित आधे दर्जन गांवों में आग लगी थी. फायर ब्रिगेड व स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया. फिर भी लाखों रुपये की क्षति हुई है. समाहुता रेलवे हाल्ट के समीप आग की लपटें तेज होने के कारण ट्रेन चालक ने खतरे को देखते हुए ट्रेन को हाल्ट से कुछ दूरी पर रोक दिया. आग की लपटें कम होने के बाद ट्रेन रवाना हुई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Vikash Kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >