सदर अस्पताल रोहतास के डीएस ने दिया इस्तीफा, पक्षपात और मानसिक उत्पीड़न का लगाया आरोप

सासाराम सदर अस्पताल के कार्यकारी अधीक्षक डॉ. असित रंजन ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग पर प्रशासनिक पक्षपात और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है. जानिए क्या है पूरा मामला.

Sasaram News : सदर अस्पताल सासाराम के कार्यकारी अधीक्षक डॉ. असित रंजन ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी रोहतास डॉ. मणिराज रंजन को पत्र लिख प्रशासनिक पक्षपात, मानसिक प्रताड़ना और वरिष्ठता की अनदेखी का आरोप लगाया है.

एनसीडीओ पद से मुक्त करने का आरोप लगाया

पत्र में कहा गया है कि पूर्व जिला पदाधिकारी के निर्देश पर उन्हें कार्यकारी अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था. जिसका उन्होंने पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से निर्वहन किया. उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में एनसीडीओ के पद से उन्हें मुक्त कर दिया गया. जबकि नियमानुसार यदि अतिरिक्त प्रभार हटाया जाना था तो पहले कार्यकारी अधीक्षक के पद से मुक्त किया जाना चाहिए था. उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान प्रभारी डॉ. राजीव रंजन उनसे वरिष्ठ नहीं हैं, फिर भी उन्हें प्राथमिकता दी गई है.

बार-बार मांगा गया स्पष्टीकरण

बिहार सरकार की अधिसूचना के अनुसार वरिष्ठता के आधार पर संबंधित प्रभार उन्हें मिलना चाहिए था. इस्तीफा पत्र में उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि पिछले कुछ समय से उनके साथ पूर्वाग्रहपूर्ण व्यवहार किया जा रहा था. बिना तथ्यों और तकनीकी पक्ष को समझे बार-बार व्यक्तिगत रूप से स्पष्टीकरण मांगा गया. जिससे उन्हें मानसिक आघात पहुंचा. उन्होंने इसे प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत बताया. डॉ. असित ने लिखा है कि पक्षपातपूर्ण रवैये और मानसिक उत्पीड़न से आहत होकर उन्होंने 22 जुलाई को कार्यकारी अधीक्षक के प्रभार और पद से अपना इस्तीफा समर्पित कर दिया है.

इस्तीफा पर किया जा रहा विचार-विमर्श

सिविल सर्जन ने बताया कि स्वास्थ्य सेवा चिकित्सकों की प्राथमिकता होनी चाहिए. डीएस ने लिखित रुप से इस्तिफा दिया है. जिसपर विचार किया जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Rajeev Kumar

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >