रोहतास में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी बैठक, लापरवाह डॉक्टरों पर सिविल सर्जन का सख्त एक्शन, जवाब तलब

जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक में सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन का सख्त रवैया देखने को मिला. बैठक में लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को जमकर फटकार लगाई गई

Rohtas News: (सासाराम से जितेंद्र कुमार पासवान) जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक में सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन का सख्त रवैया देखने को मिला. बैठक में लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को जमकर फटकार लगाई गई और कई मामलों में स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया. स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा के दौरान दवा की कमी, संस्थागत प्रसव में गिरावट और रिपोर्ट अपलोड नहीं होने जैसे मामलों पर गंभीर नाराजगी जताई गई. साथ ही सुधार नहीं होने पर वेतन रोकने तक की चेतावनी दी गई .

कम मरीज देखने वाले डॉक्टरों पर गिरी गाज

सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उन चिकित्सकों पर विशेष नाराजगी जताई गई, जिनकी जनरल ओपीडी में पूरे महीने में 500 से कम मरीज पहुंचे. सीएस ने ऐसे डॉक्टरों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया.

ऑनलाइन रिपोर्ट अपलोड नहीं होने पर अधिकारियों को फटकार

बैठक में चोट से संबंधित मामलों की रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई गई . अनुमंडलीय अस्पताल डेहरी, बिक्रमगंज, नासरीगंज, दिनारा और कोचस के अधिकारियों ने इस दौरान दोबारा प्रशिक्षण देने की मांग की .

गर्भवती महिलाओं की पहचान और इलाज पर दिया जोर

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की समीक्षा करते हुए सिविल सर्जन ने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनका समुचित इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया . उन्होंने कहा कि मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सासाराम और करगहर के स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों पर दवाओं की कमी पाए जाने पर सीएस ने गहरी नाराजगी जताई. संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए गए .

संस्थागत प्रसव में गिरावट पर चिंता

संझौली प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से प्रसव पूर्व जांच कम होने पर जवाब तलब किया गया. वहीं संस्थागत प्रसव में लगातार गिरावट पर चिंता जताते हुए सुधार के निर्देश दिए गए. मातृ मृत्यु और शिशु मृत्यु समीक्षा में लापरवाही पर प्रखंड सामुदायिक प्रबंधकों को चेतावनी दी गई कि स्थिति नहीं सुधरी तो वेतन बंद कर दिया जाएगा.

बैठक में मौजूद रहे कई स्वास्थ्य अधिकारी

बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक अजय कुमार सिंह समेत विभिन्न स्वास्थ्य अधिकारी और जिले के सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मौजूद रहे . स्वास्थ्य योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने पर विस्तार से चर्चा की गई.

Also Read: रामपुर में दो घरों में भीषण चोरी, करोड़ों के गहने और नगदी लेकर फरार हुए चोर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में अपनी करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >