रोहतास में ग्राहक बनकर घुसे बदमाश, अंगूठी का थैला झपटा और बाइक से फरार; लाखों की ज्वेलरी चोरी, दुकान में छूटा जूता

नासरीगंज के सूर्य ज्वेलर्स में दिनदहाड़े दो चोरों ने डेढ़ लाख के आभूषण लूटे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है।

Rohtas News : नासरीगंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत स्थित पोस्टल रोड, वार्ड एक में शुक्रवार को दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आयी. सूर्य ज्वेलर्स एवं बरतन दुकान में ग्राहक बनकर पहुंचे काले रंग की पल्सर एनएस बाइक सवार दो बदमाशों ने करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की सोने-चांदी की अंगूठियों से भरा थैला झपट्टा मारकर चुरा लिया और फरार हो गये. घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में दहशत का माहौल है.

ग्राहक बनकर दुकान में घुसे, अंगूठी दिखाने के बहाने की वारदात

दुकानदार सूर्यनाथ प्रसाद और रोहित सोनी ने थाने में दर्ज प्राथमिकी में बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब एक से डेढ़ बजे के बीच काले रंग की पल्सर एनएस बाइक से दो युवक दुकान पर पहुंचे. दोनों ने खुद को ग्राहक बताया और अंगूठी दिखाने को कहा. दुकानदार अंगूठियों से भरा थैला निकालकर सामान दिखा ही रहे थे कि बदमाशों ने अचानक थैला झपट लिया.

थैला लेकर दुकान से कूदे, साथी की बाइक पर बैठकर भागे

थैला झपटने के बाद दोनों बदमाश दुकान से बाहर कूद गये. सड़क पर उनका एक साथी पहले से बाइक स्टार्ट कर तैयार खड़ा था. दोनों बदमाश बाइक पर सवार होकर डेहरी की ओर फरार हो गये. दुकानदारों ने उनका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश तेज गति से भागने में सफल रहे.

CCTV में कैद हुई बदमाशों की करतूत

घटना के बाद दुकानदारों ने नगर क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. नगर पंचायत कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम की फुटेज में दोनों बदमाश बाइक पर सवार होकर अंगूठियों का थैला लेकर डेहरी की ओर भागते दिखाई दे रहे हैं. पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है.

भागते समय दुकान में छूट गया चोर का जूता

वारदात के दौरान बदमाशों की जल्दबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उनका एक जूता ज्वेलर्स दुकान में ही छूट गया. पुलिस ने घटना से जुड़े अन्य सुरागों के साथ इस बिंदु को भी जांच में शामिल किया है.

पॉश इलाके में दिनदहाड़े वारदात से दुकानदारों में दहशत

शहर के व्यस्त और पॉश इलाके में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाए जाने से आसपास के दुकानदारों में दहशत है. दुकानदारों ने पुलिस से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.

CCTV खंगाल रही पुलिस, बदमाशों की तलाश तेज

थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और घटना में शामिल बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Also Read : रोहतास में रक्षाबंधन पर आरा से पटना और भभुआ तक महिलाओं को तोहफा, सरकारी बसों में दो दिन मुफ्त सफर



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राहुल कुमार मिश्रा

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >