लोहे का ड्रम काटने के दौरान धमाका, मिस्त्री गंभीर रूप से घायल
SASARAM NEWS.क्षेत्र के तेतराढ़ बाजार में रविवार को लोहे का ड्रम काटने के दौरान अचानक धमाका हो गया, जिसमें मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया.
अकोढ़ीगोला.
क्षेत्र के तेतराढ़ बाजार में रविवार को लोहे का ड्रम काटने के दौरान अचानक धमाका हो गया, जिसमें मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान चिंतबिसाव गांव निवासी यदुवीर शर्मा के रूप में हुई है, जो फिलहाल तेतराढ़ बाजार में रहकर काम कर रहे थे. बताया जाता है कि वे एक ग्राहक का लोहे का ड्रम गैस कटर से काट रहे थे. ड्रम का ढक्कन बंद था, जिससे अंदर गैस भर गयी और कटाई के दौरान तेज धमाके के साथ ड्रम फट गया.धमाके की आवाज से बाजार में अफरा-तफरी मच गयी और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गये. विस्फोट के कारण मिस्त्री के दोनों पैर गंभीर रूप से घायल हो गये, जबकि गर्दन और छाती भी झुलस गयी. स्थानीय लोगों का कहना है कि ड्रम में संभवतः कोई केमिकल युक्त तरल पदार्थ रहा होगा, जिससे गैस बनने के कारण यह हादसा हुआ. संयोग से आसपास कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था. घटना की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करकटपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया. फिलहाल उनका इलाज जारी है. इस संबंध में थानाध्यक्ष राकेश गोसाईं ने घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जतायी है.