रोहतास की महिलाओं को मिला रोजगार का नया रास्ता, दरिहट में DM ने शुरू कराया जीविका-सुधा बिक्री केंद्र

रोहतास के दरिहट में डीएम ने जीविका सुधा बिक्री केंद्र का उद्घाटन किया। इससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार मिलेगा और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी।

Rohtas News : मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत डेहरी प्रखंड की दरिहट पंचायत में जीविका एवं कॉम्फेड के संयुक्त तत्वावधान में जीविका-सुधा बिक्री केंद्र की शुरुआत की गयी. केंद्र का उद्घाटन जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा एवं शाहाबाद दुग्ध संघ, आरा के प्रबंध निदेशक ने संयुक्त रूप से किया. इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है.

जीविका दीदियों को मिलेगा नियमित आय का अवसर

उद्घाटन के मौके पर डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि जीविका-सुधा बिक्री केंद्र ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. केंद्र के संचालन से जीविका दीदियों को नियमित आय का अवसर मिलेगा. वहीं स्थानीय उपभोक्ताओं को सुधा के गुणवत्तापूर्ण दूध एवं विभिन्न दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे.

तीन वर्षों में एक करोड़ महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य

डीएम ने कहा कि बिहार सरकार महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल कर रही है. अगले तीन वर्षों में राज्य की एक करोड़ महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके तहत महिलाओं को दुग्ध उत्पादन और दुग्ध उत्पादों की बिक्री से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

रोहतास में खुलेंगे 215 जीविका-सुधा केंद्र

बताया गया कि बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के तहत राज्य की 8053 पंचायतों में जीविका-सुधा बिक्री केंद्र स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है. कॉम्फेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक के मार्गदर्शन में इस योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है. इसके तहत रोहतास जिले में कुल 215 स्थानों पर जीविका-सुधा केंद्र खोले जाएंगे.

दूध-दही से लेकर घी और पनीर तक मिलेगा

जीविका-सुधा बिक्री केंद्र पर दूध, दही, घी, पनीर, मिठाई सहित सुधा के विभिन्न दुग्ध उत्पाद उपलब्ध होंगे. इससे ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पाद आसानी से मिल सकेंगे. साथ ही बिक्री केंद्र जीविका दीदियों के लिए महिला उद्यमिता और स्वरोजगार का माध्यम बनेगा.

जीविका दीदियों ने डीएम को बांधी राखी

कार्यक्रम के दौरान जीविका समूह की महिलाओं ने जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा को राखी बांधकर टीका लगाया. इस मौके पर जीविका समूह की महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे.

दरिहट में दुग्ध केंद्र का उद्घाटन के बाद राखी बंधती जीविका दीदी व अन्य | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अशोक कुमार सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >