कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से मारी टक्कर, चालक की मौत, खलासी घायल

SASARAM NEWS.नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत दरिगाव थाना क्षेत्र के ताराचंडी धाम के पास एनएच-19 पर गुरुवार अहले सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया.

कोलकाता से यूपी के बरेली जाने के दौरान ताराचंडी के पास एनएच-19 पर हुई घटना

सासाराम सदर.

नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत दरिगाव थाना क्षेत्र के ताराचंडी धाम के पास एनएच-19 पर गुरुवार अहले सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. सड़क किनारे खड़े कोयला लदे ट्रक में आम लदे कंटेनर ने अनियंत्रित होकर जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कंटेनर चालक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर इतनी तेज थी कि कंटेनर के परखचे उड़ गये और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद एनएचएआइ एंबुलेंस की मदद से घायल खलासी को सासाराम सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया. जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के सितारगंज निवासी चालक शमशाद और उत्तर प्रदेश के औरंगाबाद निवासी खलासी कमल कुमार कंटेनर में आम लोड कर कोलकाता से उत्तर प्रदेश के बरेली जा रहे थे. इसी दौरान ताराचंडी धाम के पास यह हादसा हो गया.

क्या कहते हैं थानाध्यक्ष

थानाध्यक्ष मितेश कुमार ने बताया कि चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गयी है. घायल खलासी का इलाज जारी है. दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर और ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Vikash Kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >