saran news : मढ़ौरा. मढ़ौरा मुख्य बाजार स्थित अल्का ज्वेलर्स में रविवार की देर रात अपराधियों ने दुकान के पीछे से सेंधमारी करके चोरी की घटना को अंजाम दिया और फरार हो गये. सोमवार की सुबह नौ बजे के बाद जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे, तो सेंधमारी की घटना की जानकारी हुई. इस दौरान सूचना पर एसडीओ नरेश पासवान व थानाध्यक्ष अजय कुमार दलबल के साथ पहुंचे और सभी बिंदुओं पर जांच की. इस घटना के बाद सोनारपट्टी के सभी दुकानदारों द्वारा कार्रवाई की मांग को लेकर दुकानें बंद रखी गयीं, जबकि थानाध्यक्ष ने डॉग स्क्वाइड टीम के साथ मिलकर सर्च अभियान चलाया. लेकिन, सफलता हाथ नहीं लगी. इस दौरान दुकानदार श्यामबाबू प्रसाद ने बताया कि अपराधियों द्वारा सेंधमारी करके करीब चार लाख के गहनों की चोरी की गयी है. जबकि, एसडीपीओ खुद चोरी के मामले की जांच में जुटे हुए थे. पुलिस ने बताया कि दुकान के पीछे चीनी मिल की भूमि व नाला है, जहां से अपराधी बाउंड्री के सहारे दुकान के पीछे पहुंचकर पांच इंच की दीवार को तोड़कर चोरी की है. इस दौरान मौके पर रॉड आदि छुटा हुआ पाया गया है. इस मामले में पुलिस जरूरी कार्रवाई कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
