गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी के तालाब में मिली नगरा के छात्र की लाश

कादीपुर गांव के निवासी और बिलासपुर के गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में बीएससी (फिजिक्स) तृतीय वर्ष के छात्र अर्सलान अंसारी (21 वर्ष) की रहस्यमय मौत ने पूरे गांव को गम और आक्रोश में डुबो दिया है.

नगरा. कादीपुर गांव के निवासी और बिलासपुर के गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में बीएससी (फिजिक्स) तृतीय वर्ष के छात्र अर्सलान अंसारी (21 वर्ष) की रहस्यमय मौत ने पूरे गांव को गम और आक्रोश में डुबो दिया है. अर्सलान 21 अक्टूबर से लापता था और 23 अक्टूबर को यूनिवर्सिटी के पास स्थित एक तालाब से उसका शव बरामद हुआ. अर्सलान स्वामी विवेकानंद हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था. परिजनों ने हॉस्टल वार्डन से संपर्क किया, लेकिन उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली. जब अर्सलान का शव तालाब से मिला, तो उसके पिता अर्शद अय्यूब अंसारी और भाई गौहर अंसारी बिलासपुर पहुंचे. कपड़ों से शव की पहचान की गयी और सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को कादीपुर गांव वापस लाया गया.

पिता ने लगाया प्रशासन पर आरोप

अर्शद अय्यूब अंसारी ने आरोप लगाया कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन की लापरवाही का नतीजा है. उन्होंने कहा कि बेटे के गायब होने की जानकारी यूनिवर्सिटी को दी गयी थी, लेकिन किसी ने भी कोई कार्रवाई नहीं की. हॉस्टल वार्डन को भी इस बात का कोई पता नहीं था कि अर्सलान तीन दिन से गायब था. जब वह बिलासपुर पहुंचे, तो यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस ने उन्हें जल्द लौटने की सलाह दी और एफआइआर दर्ज करने में टालमटोल किया. हालांकि, परिजनों ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर एफआइआर दर्ज करायी.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बढ़ी शंका

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, शव करीब चार से पांच दिन पुराना था, और सिर पर हल्के चोट के निशान पाये गये थे. हालांकि, डॉक्टरों ने यह कहा कि यह चोट तालाब के किनारे पत्थर से लगने के कारण हो सकती है, या फिर किसी अन्य वस्तु से लगी हो, इसलिए सही कारणों का अनुमान लगाना फिलहाल संभव नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के कारणों और घटनाओं का सही पता चल पायेगा. वहीं बिलासपुर के सिटी कोतवाली क्षेत्र के सीएसपी आइपीएस गगन कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि शुरुआती जांच में यह मामला डूबने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, और सिर पर चोट के निशान की पुष्टि अभी नहीं हुई है. मृतक के पिता द्वारा लगाये गये आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, और तथ्य सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ALOK KUMAR

ALOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >