Saran News : नाला सफाई की गति धीमी, हर दिन मात्र 50 से 70 फीट हो रही ड्रेन की कटिंग

Saran News : शहर में नाला सफाई कार्य की धीमी रफ्तार को लेकर आम नागरिकों में गहरी नाराजगी है.

छपरा. शहर में नाला सफाई कार्य की धीमी रफ्तार को लेकर आम नागरिकों में गहरी नाराजगी है. नगर निगम द्वारा अप्रैल माह की शुरुआत में युद्ध स्तर पर शुरू की गयी सफाई अब इतनी धीमी हो चुकी है कि हर मोहल्ले में प्रतिदिन मात्र 50 से 70 फीट ड्रेन की ही सफाई हो पा रही है. उधर, मौसम विभाग की चेतावनी ने शहरवासियों की चिंता और बढ़ा दी है, जिसमें आने वाले दिनों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जतायी गयी है. ऐसे में यदि सफाई कार्य जल्द पूरा नहीं हुआ, तो शहर की हालत नारकीय हो सकती है.

बरसात से पहले नालों में फिर भर सकता है कचरा

नगर निगम की ओर से बताया गया है कि पूरे क्षेत्र में कुल 41 बड़े नालों की सफाई की जा रही है. लेकिन सफाई की धीमी गति के चलते एक-एक मोहल्ले में कई दिनों तक कचरा सड़क पर ही पड़ा रह जाता है. सफाईकर्मी नाले से कचरा निकालकर सड़क किनारे छोड़ दे रहे हैं, जिसे उठाने के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं है. परिणामस्वरूप गीला कचरा सड़कर कीचड़ में तब्दील हो रहा है और बारिश होने पर वही कचरा दोबारा नाले में लौट जा रहा है.

गुदरी में नहीं दिख रहे पूरे सफाईकर्मी, संख्या पर उठे सवाल

शहर के गुदरी बाजार क्षेत्र से लेकर बूटी मोड़ तक की सफाई के लिए जहां 15 सफाईकर्मियों की नियुक्ति दिखायी गयी है, वहीं मौके पर प्रतिदिन केवल पांच से सात कर्मी ही काम करते नजर आ रहे हैं. इससे लोगों में यह संदेह गहराया है कि कहीं कागजों पर संख्या दिखाकर बजट का बंदरबांट तो नहीं किया जा रहा है. सफाईकर्मियों के अनुसार उन्हें प्रतिदिन ₹350 की मजदूरी दी जा रही है.

बरसात से पहले नहीं हुई सफाई, तो बनेगा बड़ा संकटस्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि बरसात से पहले सफाई पूरी नहीं हुई तो शहर की नालियों में पानी ओवरफ्लो कर गलियों और सड़कों पर फैल जायेगा, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जायेगा. कई क्षेत्रों में नालों से निकलने वाला कीचड़ सड़कों पर जमा है, जो न सिर्फ दुर्गंध फैला रहा है बल्कि बीमारियों का कारण भी बन रहा है.

41 प्रमुख नालों में हो रही सफाई

नगर निगम द्वारा जिन 41 प्रमुख नालों की सफाई का कार्य चल रहा है, उनमें थाना चौक से आर्य समाज रोड, खनूआ नाला, दलदली बाजार, राहत रोड, महावीर स्थान, हनुमान मंदिर, राम जयपाल कॉलेज रोड, मोना चौक, गांधी चौक, काशी बाजार, श्याम चक, भगवान बाजार सहित शहर के विभिन्न हिस्से शामिल हैं.

सफाई की गति बढ़ायी जायेगी

जिस इलाके में जितने सफाईकर्मियों का आवंटन हुआ है उतना लगाया जा रहा है. रविवार से सफाई की गति बढ़ायी जाएगी. कोशिश किया जायेगा की कम से कम दिन में सभी नालों की सफाई हो जाये.

प्रवीण कुमार, प्रबंधक, सफाई एजेंसी

जहां भी गड़बड़ी होगी कार्रवाई की जायेगी

जहां भी गड़बड़ी होगी कार्रवाई होगी. नगर आयुक्त को भी प्रतिदिन मॉनीटरिंग करने को कहा गया है. इस बार की सफाई ऐतिहासिक हो रही है ऐसा कभी नहीं हुआ है कि नाले को ब्लॉक कर नाले के तल से कचरा निकाला जाए. इस बार हो रहा है. कार्य की गति बढ़ाने के लिए आदेश दिया जा रहा है.लक्ष्मी नारायण गुप्ता, महापौर, नगरनिगमइसको लेकर क्या क्या हेडिंग हो सकती है

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ALOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >