सीसीटीवी फुटेज और मृतका के कॉल डिटेल्स खंगाल रही पुलिस

शुक्रवार को बुढ़िया माई मंदिर के समीप रेलवे ट्रैक पर एकमा थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव की अंजली कुमारी का शव बरामद होने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है.

छपरा. शुक्रवार को बुढ़िया माई मंदिर के समीप रेलवे ट्रैक पर एकमा थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव की अंजली कुमारी का शव बरामद होने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. घटना को लेकर क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है और परिजन लगातार निष्पक्ष व गहन जांच की मांग कर रहे हैं. इसी क्रम में रेल डीएसपी मोहम्मद शाहकार खां ने जीआरपी थानाध्यक्ष शाहिद अनवर अंसारी के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान घटनास्थल के आसपास के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की गयी. मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. फॉरेंसिक टीम ने रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य एकत्र किये. वहीं डॉग स्क्वायड की मदद से संभावित सुराग तलाशने का प्रयास किया गया. पुलिस का कहना है कि हर बिंदु पर वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है, जिससे घटना की सच्चाई सामने आ सके. रेल डीएसपी ने बताया कि मृतका के परिजनों द्वारा भगवान बाजार थाना क्षेत्र के भरत मिलाप चौक स्थित श्रेया क्लीनिक के चिकित्सक डॉ पंकज कुमार को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. परिजनों के आरोप के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया है. पुलिस द्वारा परिजनों की मांग पर शव का दोबारा पोस्टमार्टम भी कराया गया है. इसके साथ ही पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने मृतका के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले हर पहलु की गहन जांच कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ALOK KUMAR

ALOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >