Saran News: पानापुर प्रखंड के पीएमश्री उच्च माध्यमिक विद्यालय कोंध भगवानपुर में बहाल रसोइयों को अब तक मानदेय नहीं मिला है. दिसंबर 2025 से कार्यरत तीन रसोइयों का कहना है कि उन्हें अब तक एक भी रुपये का भुगतान नहीं किया गया है. इससे उनके समक्ष आर्थिक परेशानी उत्पन्न हो गयी है.
पीएमश्री विद्यालय बनने के बाद हुआ था बच्चों का समायोजन
वर्ष 2025-26 में विद्यालय का चयन पीएमश्री विद्यालय के रूप में हुआ था. इसके बाद निकटवर्ती उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोंध में नामांकित कक्षा छह से आठ तक के बच्चों का समायोजन इस विद्यालय में कर दिया गया था.
अप्रैल 2025 से बच्चों की पढ़ाई शुरू हो गयी थी. लेकिन बर्तन की अनुपलब्धता और रसोइयों की बहाली नहीं होने के कारण बच्चों को भोजन नहीं मिल रहा था. करीब आठ माह बाद दिसंबर 2025 में तीन रसोइयों की बहाली की गयी, जिसके बाद मध्याह्न भोजन की शुरुआत हुई.
दिसंबर से काम कर रहीं तीन रसोइयां
विद्यालय की रसोइया सिंकी देवी, मीना देवी और उजाला सिंह ने बताया कि वे दिसंबर 2025 से विद्यालय में कार्यरत हैं. इसके बावजूद अब तक मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है. रसोइयों का कहना है कि लंबे समय से भुगतान नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है.
विभाग को भेजे गये हैं कागजात
इस संबंध में एमडीएम के प्रखंड साधनसेवी चंदेश्वर महतो ने बताया कि रसोइयों की बहाली से संबंधित कागजात विभाग को भेज दिये गये हैं. अभी आवंटन प्राप्त नहीं हुआ है. राशि प्राप्त होते ही मानदेय का भुगतान कर दिया जायेगा.
