छपरा. छपरा जंक्शन के रिजर्वेशन टिकट काउंटरों पर डिजिटल भुगतान के प्रतिशत में काफी बढ़ोतरी हो गयी है. अब टिकट लेने वाले यात्रियों में 50 प्रतिशत से अधिक यात्री ऑनलाइन पेमेंट के माध्यम से टिकट खरीद रहे हैं. इससे न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि खुदरा पैसे को लेकर होने वाली परेशानी से भी यात्रियों और रेलवे कर्मियों दोनों को राहत मिली है. रेलवे के आरक्षित टिकट काउंटर हो या अनारक्षित टिकट काउंटर, दोनों जगहों पर अब ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध है. यात्री यूपीआइ, डेबिट कार्ड, सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से आसानी से भुगतान कर रहे हैं. काउंटर पर लाइन में खड़े यात्रियों का कहना है कि ऑनलाइन पेमेंट से टिकट लेना अब पहले की तुलना में कहीं अधिक सरल और सुविधाजनक हो गया है. विदित हो की पहले की स्थिति में यात्रियों को टिकट काउंटर पर भुगतान के बाद खुले पैसे के लिए काफी परेशान होना पड़ता था. कई बार खुदरा न मिलने के कारण यात्रियों को काउंटर छोड़कर बाहर दुकानों पर भटकना पड़ता था, जिससे समय भी खराब होता था और ट्रेन छूटने की चिंता भी बनी रहती थी. वहीं टिकट कर्मियों को भी खुदरा पैसे की व्यवस्था करने में परेशानी होती थी. अब डिजिटल भुगतान के बढ़ते उपयोग से यह समस्या लगभग समाप्त हो गयी है. टिकट काउंटर पर लेन-देन तेज हुआ है, जिससे कतारें भी अपेक्षाकृत कम समय में आगे बढ़ रही हैं. यात्रियों का कहना है कि खासकर सुबह और शाम की भीड़ के समय ऑनलाइन पेमेंट बेहद कारगर साबित हो रहा है. डिजिटल इंडिया अभियान के तहत रेलवे लगातार यात्रियों को कैशलेस लेन-देन के लिए प्रेरित कर रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
