छपरा. नगर थाना क्षेत्र के साहेबगंज मोहल्ले में मंगलवार की सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गयी जब एक तीन मंजिला इमारत से अचानक धुआं निकलने लगा. देखते ही देखते आग तेजी से भड़क उठी. घटना साहेबगंज निवासी रोहित कुमार और मोहित कुमार के मकान की है. बताया जा रहा है कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित कपड़ों की दुकान में अचानक आग लग गयी, जिससे देखते ही देखते पूरा परिसर धुएं से भर गया. वही आग लगने की सूचना मिलते ही घर के लोग, जो छठ पर्व के अवसर पर घाट पर गए हुए थे, तुरंत मौके पर लौटे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. वही कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम के द्वारा आग पर काबू पाया. वही घटनास्थल पर नगर थाना व यातायात थाना के पुलिसकर्मी भी पहुंचे और फायर ब्रिगेड के कर्मियों की मदद की. दमकल कर्मियों ने इमारत में प्रवेश कर ऊपर के मंजिलों की तलाशी ली और वहां रखे चार गैस सिलिंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा बड़ा विस्फोट या जनहानि हो सकती थी. राहत की बात यह रही कि घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य छठ घाट पर गये थे. स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट की संभावना जतायी जा रही है. इस घटना में लाखों रुपये मूल्य के कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गए. वहीं पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
